जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र में गांधी व्यायामशाला के पास स्थित एक प्राइवेट हॉस्टल में जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज (JEC) के छात्र ओम पांडे ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। ओम मैकेनिकल इंजीनियरिंग चतुर्थ वर्ष के 7वें सेमेस्टर का छात्र था। घटना के समय वह कमरे में अकेला था, जबकि उसके दो रूम पार्टनर बाहर गए हुए थे। लौटने पर साथियों ने कमरा खोला तो ओम का शव फंदे से लटका मिला। कुछ विषयों में आई थी बैक पुलिस की शुरुआती जांच और परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, ओम पढ़ाई में होनहार छात्र था। कुछ समय पहले तबीयत खराब होने के कारण उसकी कुछ विषयों में बैक आ गई थी। इसके बाद वह तनाव में था। पुलिस को आशंका है कि पढ़ाई में बैक और इससे जुड़े तनाव के कारण ओम ने यह कदम उठाया हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी आत्महत्या की वजह की पुष्टि नहीं की है। सुसाइड नोट नहीं मिला सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि ओम ने अपनी शर्ट से फंदा बनाया था। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोस्तों, परिजनों और रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है। ओम अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।

