सेक्टर–96 स्थित नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर भारतीय किसान यूनियन के अनिश्चितकालीन धरने के दौरान राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत पहुंचे। अधिकारियों के अनुरोध पर वे किसानों की समस्याओं को लेकर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश से वार्ता के लिए तैयार हुए। चौधरी राकेश टिकैत धरनास्थल से ट्रैक्टर पर सवार होकर सैकड़ों किसानों के साथ प्राधिकरण कार्यालय के अंदर पहुंचे। उन्होंने कहा, “नोएडा प्राधिकरण के अंदर पहुंचने वाला यह पहला ट्रैक्टर और किसानों की समस्याओं को लेकर आयोजित पहला धरना है। यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और लंबा तथा व्यापक किया जाएगा।” चौधरी राकेश टिकैत की अध्यक्षता में लगभग दो घंटे चली महत्वपूर्ण बैठक में किसानों के 17 सूत्रीय मांगपत्र पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। बैठक का संचालन भाकियू गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने किया। प्राधिकरण की ओर से सीईओ कृष्णा करुणेश, एसीईओ पुष्पराज सिंह, ओएसडी क्रांति शेखर, ओएसडी हर्षिता तिवारी, डीजीएम आर.पी. सिंह, एस.के. सिंह, ए.के. अरोड़ा, मीणा भार्गव सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के उपरांत चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ हुई वार्ता की समीक्षा करने के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी निर्णय होगा, वह नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना—तीनों प्राधिकरणों से संबंधित किसानों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए लिया जाएगा। किसानों की मांगों का ठोस समाधान होने तक संघर्ष जारी रहेगा।

