फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम ने लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल से मंगलवार को उनके कैंप कार्यालय में मुलाकात की। मेयर ने फिल्म की सराहना करते हुए कहा- सनातन धर्म, सांस्कृतिक विरासत और महान परंपराओं को सिनेमा के जरिए लोगों तक पहुंचाने का यह सार्थक प्रयास है। मुलाकात के दौरान फिल्म में टीटी की भूमिका निभा रहे अमित दुबे और नीम करोली बाबा की माताजी का किरदार निभा रहीं स्निग्धा द्विवेदी मौजूद रहीं। दोनों कलाकार लखनऊ के रहने वाले हैं। मेयर ने स्थानीय कलाकारों के फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाने पर खुशी जताई। मेयर सुषमा खर्कवाल ने आगे कहा- सनातन धर्म, हमारी पौराणिक विरासत और सांस्कृतिक चेतना को सिनेमा के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का यह प्रयास सराहनीय है। जब लखनऊ के युवा कलाकार राष्ट्रीय स्तर पर इस तरह का काम करते हैं तो यह पूरे शहर के लिए गौरव की बात है। फिल्म की पूरी टीम को मेरी शुभकामनाएं। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, कार्यकारिणी उपाध्यक्ष सुशील तिवारी ‘पम्मी’ और फिल्म टीम से राजीव मिश्रा और राज भी मौजूद रहे। फिल्म ने कमाए ₹222 करोड़ से ज्यादा विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी ‘हनुमान अंश’ के बारे में टीम की ओर से बताया गया कि फिल्म करीब ₹2 करोड़ के बजट में तैयार हुई है। दावा है कि फिल्म का नेट इंडिया कलेक्शन ₹222.88 करोड़ से ज्यादा हो चुका है। वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन ₹279.80 करोड़ के पार पहुंच गया है, जबकि ओवरसीज कलेक्शन ₹16.50 करोड़ बताया गया है। फिल्म की शुरुआत धीमी रही, लेकिन तीसरे हफ्ते से इसकी कमाई ने रफ्तार पकड़ी। टीम के मुताबिक नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित इस आध्यात्मिक फिल्म ने कई बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए ब्लॉकबस्टर प्रदर्शन किया है।

