जालंधर में गोवंश से भरी दो गाड़ियां पकड़ीं:एक ड्राइवर गिरफ्तार, VHP का आरोप बंटी पार्षद की गाड़ी, पुलिस जांच शुरु

जालंधर में गोवंश से भरी दो गाड़ियां पकड़ीं:एक ड्राइवर गिरफ्तार, VHP का आरोप बंटी पार्षद की गाड़ी, पुलिस जांच शुरु

जालंधर के पठानकोट बाइपास के पास गोवंश की अवैध तस्करी के दो गाड़ियों को विश्व हिंदू परिषद के लोगों ने पकड़ा है। यह गाड़ियां लुधियाना के पास से पठानकोट और जम्मू की ओर ले जाई जा रही थीं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गाड़ियों को ज़ब्त कर एक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है, जबकि मामले में संलिप्त मुख्य तस्कर बंटी पार्षद (कौंसलर) के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा जा रहा है।
रात में गौरक्षक टीम ने पकड़ा वाहन गौरक्षक टीम के प्रतिनिधि इंदरजीत बिश्नू परशाद के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर रात लगभग 2:30 बजे पहली गाड़ी को रोका गया। उसी समय एक अन्य संदिग्ध गाड़ी भी तेज रफ्तार में वहां से निकली। टीम ने तुरंत उस गाड़ी का पीछा किया। खुद को घिरता देख तस्कर ने भागने का प्रयास किया, जिस दौरान गाड़ी ने एक अन्य वाहन को टक्कर मार दी और सड़क किनारे खंभे से जा टकराई। दुर्घटना के बाद ड्राइवर गाड़ी छोड़कर भागने लगा, लेकिन टीम के सदस्यों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे काबू कर लिया।
गाड़ियों में गोवंश को ठूंस-ठूंस कर भरा गया
शुरुआती जांच में सामने आया है कि गाड़ियों में बेहद क्रूरता से गोवंश को ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। एक गाड़ी से तीन बैल बरामद हुए हैं, जबकि दूसरी गाड़ी की विस्तृत जांच की जा रही है। मौके पर जानवरों के परिवहन से जुड़ा कोई वैध बिल या सरकारी दस्तावेज़ पेश नहीं किया गया। आरोप है कि इन पशुओं को पठानकोट और जम्मू के इलाकों में अवैध कटाई और बीफ सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य आरोपी बंटी पार्षद के आपराधिक रिकॉर्ड का भी खुलासा हुआ है। इंदरजीत ने बताया कि बंटी एक पुराना तस्कर है, जिसके खिलाफ मोहाली और जालंधर के मकसूदां थाने में पहले से ही एफआईआर (FIR) दर्ज हैं। गौरक्षकों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि ऐसे तस्करों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए ताकि क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द और शांति बनी रहे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और थाना प्रभारी (एसएचओ) मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के आधार पर गाड़ियां और बरामद पशुओं को कब्जे में ले लिया गया है। पकड़े गए व्यक्तियों और ड्राइवरों से पूछताछ की जा रही है तथा गाड़ियों के दस्तावेजों की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि कागजी जांच और पूछताछ के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *