चन्दौली के सकलडीहा विकास खंड के एडीओ पंचायत ने 22 पंचायत सहायकों के खिलाफ कार्रवाई की है। उन्होंने सकलडीहा कोतवाली पुलिस को इन पर एफआईआर दर्ज कर जांच करने और स्पष्टीकरण नोटिस जारी करने को कहा है। इस कार्रवाई से पंचायत सहायकों और सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है। एडीओ पंचायत बजरंगी पाण्डेय ने बताया कि सकलडीहा विकास खंड में कुल 101 पंचायत सहायक तैनात हैं। इनमें से अधिकतर पंचायत सहायक ग्राम सचिवालय पर मौजूद नहीं रहते हैं। इसकी कई बार जांच की गई और नोटिस भी दी गई। जांच में चौंकाने वाले मामले सामने आए, जिसमें पता चला कि ये पंचायत सहायक अलग-अलग शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई कर रहे हैं। एडीओ पंचायत ने कहा कि एक तरफ ये लोग शासन से मानदेय के रूप में पैसा ले रहे हैं। दूसरी ओर, वे सरकारी काम करने के बजाय अपने निजी हितों में लगे हैं। ऐसे 22 लोगों की पहचान की गई है, जिनमें 13 महिलाएं और 9 पुरुष शामिल हैं। इन पंचायत सहायकों में कुछ पढ़ाई कर रहे हैं तो कुछ निजी कंपनियों में नौकरी कर रहे हैं। इन सभी को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया गया है। साथ ही, सकलडीहा कोतवाली पुलिस को इनके खिलाफ धोखाधड़ी सहित अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के लिए पत्र भेजा गया है।

