चित्रकूट में सोमवार को भाजपा नेता के खाली प्लॉट में संदिग्ध परिस्थितियों में तेज विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट से प्लॉट की जमीन में बड़ा गड्ढा बन गया। मौके पर कपड़ों के टुकड़े और मानव शरीर के अंग मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। करीब 300 मीटर दूर भी शरीर का एक अंग मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने मौके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। मामला पहाड़ी थाना क्षेत्र के अशोह गांव का है। धमाके के बाद जमीन में बना गड्ढा ग्रामीणों के मुताबिक, सोमवार को अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। लोग मौके पर पहुंचे तो प्लॉट की जमीन क्षतिग्रस्त मिली। घटनास्थल के आसपास कपड़ों के टुकड़े और मानव शरीर के अंग बिखरे हुए थे। करीब 300 मीटर दूर भी एक अंग मिलने की सूचना है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेर लिया। घटनास्थल पर लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विस्फोट किस वजह से हुआ और मौके पर मौजूद व्यक्ति कौन था। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। विस्फोट की जांच के लिए विशेषज्ञ टीम बुलाई विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए बांदा से विशेषज्ञ टीम को बुलाया गया है। वहीं, लखनऊ से बम निरोधक दस्ते को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। विशेषज्ञ टीम मौके से मिले साक्ष्यों, विस्फोट के निशानों और अन्य परिस्थितियों की जांच करेगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विशेषज्ञ टीम की जांच और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर ही विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। एसपी ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा घटना की सूचना मिलते ही एसपी अरुण कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शाम करीब 4 बजे घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। एसपी ने जांच की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस फिलहाल विस्फोट के कारण, मौके पर मौजूद व्यक्ति की पहचान और घटनास्थल से मिले मानव अंगों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

