रामपुर में स्वास्थ्य विभाग में व्याप्त समस्याओं और जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों की कमी को लेकर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारी सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। संगठन के पदाधिकारियों ने नगर मजिस्ट्रेट सालिक राम को ज्ञापन सौंपकर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग की। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप अग्रवाल सोनी ने कहा कि जिला चिकित्सालय रामपुर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की भारी कमी है। किडनी, लीवर, न्यूरोलॉजी, जनरल फिजिशियन और डेंटल समेत कई विभागों में पर्याप्त चिकित्सक उपलब्ध नहीं हैं। इससे मरीजों को उपचार के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल की बड़ी इमारत होने के बावजूद विशेषज्ञ चिकित्सकों के अभाव में आम जनता को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय में एमआरआई मशीन की सुविधा न होने के कारण मरीजों को करीब सात हजार रुपये खर्च कर मुरादाबाद के निजी अस्पतालों में जांच कराने जाना पड़ता है। व्यापार मंडल के अनुरोध पर एमआरआई मशीन स्वीकृत होने के बावजूद इसकी स्थापना का कार्य अब तक लंबित है। संदीप अग्रवाल सोनी ने कहा कि व्यापार मंडल के प्रयास से 600 बेड के मेडिकल कॉलेज को भी स्वीकृति मिली है, लेकिन ग्राम जगतपुर और बेनजीर की उद्यान विभाग की करीब 100 बीघा भूमि के हस्तांतरण में हो रही देरी पर संगठन ने नाराजगी जताई। इस दौरान जिला अध्यक्ष राजीव शर्मा, नज़ाकत रायन, गोपाल शर्मा, शराफत खान, शहीद खुसरो, इरफान खान, मुकर्रम, हाजी मुनव्वर सलीम, अलीम खान, रशीद खान, लालमन सैनी, पुलकित अग्रवाल, विजय अग्रवाल, सुदेश यादव, राजू सुमन समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे।

