अयोध्या जिले के कुमारगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में सोमवार 14 सितंबर की सुबह करीब 7:30 बजे एक महिला की हालत जहरीला पदार्थ खाने से गंभीर हो गई। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर रेफर कर दिया। अस्पताल प्रबंधन ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी है। डॉक्टरों के मुताबिक, महिला के शरीर में जहर काफी फैल चुका था। अस्पताल लाने में देरी के कारण उसकी हालत और बिगड़ गई थी। डॉक्टरों ने बताया कि महिला को बचाने के लिए प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, ताकि उसे वहां अच्छा इलाज मिल सके। जानकारी के अनुसार, हलियापुर थाना क्षेत्र के उसकामऊ गांव के पास एक बाग में घुमंतू जाति के कुछ परिवार अस्थायी तौर पर रुके हुए हैं। इन्हीं में से 45 साल की सरोजा पत्नी कृष्णा ने पारिवारिक विवाद के कारण जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद जब उनकी तबीयत खराब होने लगी, तब परिजनों को इस घटना का पता चला। परिजन सरोजा को तुरंत कुमारगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने बताया कि परिजनों ने महिला को अस्पताल लाने में काफी देर कर दी थी। इस वजह से जहर पूरे शरीर में फैल गया और उसकी हालत गंभीर हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इस मामले में हलियापुर पुलिस का कहना है कि अभी तक उन्हें इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद जांच की जाएगी और जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

