लखनऊ के गोमतीनगर स्थित भागीदारी भवन में रविवार को राष्ट्रीय हिन्दू रक्षा परिषद के स्थापना दिवस पर सनातनी संकल्प दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में संत-महात्माओं के साथ बाराबंकी, अयोध्या, बस्ती, गोंडा, उन्नाव, सीतापुर और लखनऊ समेत कई जिलों से पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्वयंसेवक पहुंचे। इसमें सनातन संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक एकता, जागरूकता, सेवा और संगठन विस्तार पर चर्चा हुई। मुख्य अतिथि जगद्गुरु राम दिनेशाचार्य महाराज ने सनातन संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को मजबूत करने पर चर्चा की। राजकुमार दास ने भी समाज में एकजुटता और संस्कारों को बढ़ाने की बात कही। इंद्रेश कौशिक महाराज ने सनातन परंपराओं के संरक्षण और समाज को जागरूक करने की आवश्यकता बताई। राष्ट्रीय महासचिव मुकेश सनातनी ने कहा कि समाज की सबसे बड़ी ताकत एकता, जागरूकता और संगठनात्मक मजबूती है। युवा, महिला, व्यापारी और समाज के सभी वर्गों को जोड़कर सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता के लिए काम करने का आह्वान किया। वार्ड स्तर तक संगठन मजबूत करने पर चर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार सनातनी ने परिषद के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और आगामी योजनाओं पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि परिषद समाज में जागरूकता, एकता, सेवा, सुरक्षा और संस्कारों को मजबूत करने का संकल्प है। राष्ट्रीय स्तर से वार्ड स्तर तक संगठन को मजबूत करने और नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा । उन्होंने युवा और नारी शक्ति समेत सभी वर्गों की भागीदारी को जरूरी बताया। बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। श्री सोमेश शिक्षा निकेतन, कोटरा, बिसवां, सीतापुर के बच्चों ने मिशन सिंदूर पर आधारित प्रस्तुति दी। आरंभ सेवा संस्थान, सीतापुर के बच्चों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। कार्यक्रम के अंत में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सनातन संस्कृति, सामाजिक एकता, राष्ट्रहित और समाजसेवा के लिए निरंतर काम करने का संकल्प लिया। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनीष सनातनी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष साधना सनातनी, प्रदेश संयोजक कुलदीप सनातनी, समीक्षा सिंह समेत राष्ट्रीय, प्रदेश, प्रांत, मंडल, जिला, प्रखंड और वार्ड स्तर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

