गुर्जर सम्राट मिहिर भोज की जयंती पर रविवार को PDA स्वाभिमान तिरंगा पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा ग्राम काजीपुर से शुरू होकर मवाना तहसील स्थित गुर्जर सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा तक पहुंची। इस दौरान शहीद धन सिंह कोतवाल चौक पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद पदयात्रा और साइकिल यात्रा करते हुए मवाना में समापन किया गया। पदयात्रा के बाद राज्यपाल के नाम उपजिलाधिकारी मवाना को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में प्रदेश और मेरठ जनपद में किसान, कमेरे वर्ग और गुर्जर समाज के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की गई। ज्ञापन में किसानों के बकाया ब्याज का भुगतान कराने, मेरठ में दिविजय भाटी, मोहित और रवि गौतम के साथ हुए कथित अन्याय की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की गई। इसके अलावा मवाना में गुर्जर प्रतिहार सम्राट मिहिर भोज के नाम का बड़ा बोर्ड लगाने और सौंदर्यीकरण कराने की मांग रखी गई। ज्ञापन में नितिन नागर हत्याकांड में परिवार को नौकरी और 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने, लोहियानगर, गंगानगर और वेदव्यासपुरी में किसानों की भूमि का पूरा मुआवजा दिलाने की मांग भी की गई। मेरठ में किसी प्रमुख स्थान पर गुर्जर प्रतिहार सम्राट मिहिर भोज की बड़ी प्रतिमा स्थापित करने की मांग भी उठाई गई। पदयात्रा में गौरव गुर्जर, मोनू परमार धौरिया, किसान नेता अनिल प्रधान, शुभम यादव, जहर अली, किशोर, जितेश भड़ाना, विदित सैनी, उमंग बैंसला, सोनू बैंसला, मेघे बैंसला, तृप्ति कोहली, सारांश अडानी, वर्षा वैसा, अमित प्रधान, अशोक कुशवाह और गुलाब समेत समाज के लोग शामिल रहे। आयोजक गौरव गुर्जर ने कहा कि पदयात्रा में साथ देने वाले समाज के सभी लोगों का आभार है। उन्होंने कहा कि PDA परिवार, गुर्जर समाज और किसान भाइयों पर हो रहे अत्याचार बंद होने चाहिए और पीड़ितों को न्याय मिलना चाहिए। समाज में एकता, प्रेम और भाईचारा बना रहे तथा कानून और संविधान का राज कायम रहे, यही पदयात्रा का उद्देश्य है।

