धार के सरदारपुर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान बदहाल व्यवस्था सामने आई है। अस्पताल में अलग पीएम रूम नहीं होने के कारण पुराने ड्रेसिंग रूम में शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा था। हाल ही में हुई बारिश के दौरान कमरे की छत और दीवारों से पानी टपकता रहा। वहीं, शव के आसपास कीड़े-मकोड़े घूमते नजर आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। मामला निपावली निवासी 17 वर्षीय आयुष सूर्यवंशी की मौत से जुड़ा है। शुक्रवार को पानी में डूबने से आयुष की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के लिए शव सरदारपुर सिविल अस्पताल लाया गया था। अस्पताल में अलग पीएम रूम नहीं होने के कारण शव को पुराने भवन के ड्रेसिंग रूम में रखा गया। परिजनों ने कमरे में रात बिताई मृतक के परिजनों के मुताबिक, उन्हें इसी कमरे में शव के साथ पूरी रात गुजारनी पड़ी। इस दौरान कमरे की छत और दीवारों से लगातार पानी टपकता रहा। शव के आसपास कीड़े-मकोड़े भी घूमते रहे। बारिश के दौरान कमरे की स्थिति खराब होने के बावजूद शव को किसी दूसरी सुरक्षित जगह नहीं ले जाया जा सका। सामने आए वीडियो में कमरे की बदहाल स्थिति दिखाई दे रही है। सीबीएमओ बोलीं- जल्द सुरक्षित कमरे में होगा पीएम सीबीएमओ डॉ. शीला मुजाल्दा ने बताया कि अस्पताल में अलग से पीएम रूम नहीं है। इसी वजह से पुराने ड्रेसिंग रूम का इस्तेमाल किया जा रहा था। बारिश के कारण कमरे में पानी टपकने की समस्या सामने आई है। उन्होंने बताया कि जल्द ही पुराने भवन के शिशु वार्ड के एक सुरक्षित कमरे को पीएम रूम के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि पोस्टमार्टम के दौरान इस तरह की परेशानी न हो।

