विदिशा जिले में पिछले दो दिनों से बारिश हो रही है। शनिवार को दिनभर मौसम बदलता रहा। रविवार सुबह धूप निकली, लेकिन दोपहर में कई जगह बूंदाबांदी हुई। शाम होते-होते आसमान में बादल छा गए और कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। इस बारिश से तापमान गिरा है और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली है। रविवार को जिले में औसतन 23.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। शनिवार को सबसे ज्यादा बारिश बासौदा में 61.2 मिमी और शमशाबाद में 60 मिमी हुई। इसके अलावा विदिशा में 28, ग्यारसपुर में 22, नटेरन में 20, पठारी में 13.3, गुलाबगंज में 10, कुरवाई में 6.4 और सिरोंज व लटेरी में 5-5 मिमी बारिश दर्ज की गई। 1 जून से 12 सितंबर तक जिले में औसतन 774.2 मिमी बारिश हुई है। जबकि सामान्य औसत बारिश 1075.50 मिमी मानी जाती है। इस तरह जिले में अभी सामान्य से करीब 301.3 मिमी कम बारिश हुई है। पिछले साल इसी समय तक 1079.7 मिमी बारिश दर्ज की गई थी, यानी इस साल पिछले साल के मुकाबले 305.5 मिमी कम बारिश हुई है। विदिशा जिले में अब तक सबसे ज्यादा बारिश लटेरी में 965.6 मिमी दर्ज की गई है। इसके बाद बासौदा में 920 मिमी, पठारी में 886.3 मिमी, नटेरन में 797 मिमी, ग्यारसपुर में 769 मिमी, शमशाबाद में 718 मिमी, विदिशा में 717 मिमी, सिरोंज में 698 मिमी और कुरवाई में 697 मिमी बारिश हुई है। गुलाबगंज में सबसे कम 574 मिमी बारिश दर्ज की गई है। लगातार बारिश के कारण सम्राट अशोक सागर जलाशय में भी पानी आ रहा है। जलाशय का जलस्तर 458.90 मीटर तक पहुंच गया है। इसकी कुल क्षमता 211.823 एमसीएम है और यह अभी 84.01 प्रतिशत भर चुका है। शनिवार को यहां बारिश नहीं हुई, जबकि पूरे सीजन में अब तक कुल 529 मिमी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक जिले में बारिश होने की संभावना जताई है। अगर बारिश जारी रहती है, तो जलाशयों में पानी की स्थिति और बेहतर होने की उम्मीद है। हालांकि, इस साल अब तक औसत बारिश के मुकाबले बारिश का आंकड़ा कम बना हुआ है।

