अखिलेश बोले-भ्रष्टाचार की नहर निकालकर भाजपाइयों ने अपने खेत सींचे:गोरखपुर के राजघाट निर्माण पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

अखिलेश बोले-भ्रष्टाचार की नहर निकालकर भाजपाइयों ने अपने खेत सींचे:गोरखपुर के राजघाट निर्माण पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गोरखपुर के राजघाट निर्माण को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि राजघाट के निर्माण के लिए सरकार ने करोड़ों रुपए जारी किए, लेकिन सिंचाई विभाग ने भाजपाइयों के साथ मिलकर भ्रष्टाचार की ऐसी नहर निकाल दी, जिससे सरकारी धन का इस्तेमाल जनहित के बजाय निजी स्वार्थों के लिए हुआ। निर्माण की बदहाली के पीछे उन्होंने भाजपा की कमीशनखोरी को जिम्मेदार ठहराया। अखिलेश यादव ने कहा कि निर्माण में कथित अनियमितताओं और लापरवाही का खामियाजा दो अधिवक्ताओं को अपनी जान गंवाकर भुगतना पड़ा। उन्होंने अधिकारियों के बयान पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मृतकों के परिजनों के घाव पर नमक छिड़कने वाली बयानबाजी की जा रही है। उनका आरोप था कि ऐसी असंवेदनशील भाषा बोलने का साहस अधिकारियों को आखिर कहां से मिल रहा है, यह बताने की जरूरत नहीं है। अधिकारियों के निलंबन की मांग सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार में मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदनशीलता दिखाने के बजाय लगातार ऐसी बयानबाजी सामने आ रही है, जिससे उनके जख्म और गहरे होते हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब भाजपा नेताओं के भाषण और बयान सुनने के मूड में नहीं है। अखिलेश यादव ने कहा कि राजघाट निर्माण में संलिप्त अधिकारियों और गैरजिम्मेदार बयान देने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। यदि उनका निलंबन नहीं किया गया तो यह माना जाएगा कि अधिकारी अपने राजनीतिक नेतृत्व के इशारे पर भ्रष्ट काम और गैरजिम्मेदार बयानबाजी कर रहे हैं। भाजपा सरकार में बने निर्माणों पर भरोसा नहीं अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार के दौरान हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि जनता को यह पता चल जाए कि कोई निर्माण भाजपा शासनकाल में हुआ है तो लोग उस निर्माण का इस्तेमाल करने से भी डरने लगेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा काल में बनी छतरियों और द्वारों के नीचे लोग खड़े नहीं होते, पानी की टंकियों को देखकर दूर भागते हैं और दीवारों का सहारा लेने से भी डरते हैं। इसी तरह उन्होंने भाजपा सरकार में बनी सड़कों, हाईवे, एक्सप्रेस-वे और पुलों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि इन पर चलने और गुजरने में भी लोगों को डर लगने लगा है। अखिलेश ने नए संसद भवन की छत से पानी टपकने और मंदिरों में निर्माण संबंधी समस्याओं का उल्लेख करते हुए भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और जवाबदेही के बजाय भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। भाजपा ने भ्रष्टाचार का वैश्विक रिकॉर्ड तोड़ा सपा अध्यक्ष ने भाजपा पर भ्रष्टाचार को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा ने भ्रष्टाचार का वैश्विक रिकॉर्ड तोड़ दिया है। उनके मुताबिक, घटिया और जानलेवा निर्माणों का असर आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। अखिलेश ने कहा कि भ्रष्टाचार करने वालों को यह भी सोचना चाहिए कि खराब निर्माण का शिकार कभी उनके अपने परिवार के लोग भी हो सकते हैं। उन्होंने भाजपा नेतृत्व पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग खुद को परिवार से अलग बताते हैं, वे परिवार की जिम्मेदारी को कैसे समझेंगे। गोरखपुर में ट्रिपल इंजन सरकार, फिर भी बदहाली गोरखपुर के राजनीतिक समीकरण का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा पर और तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में सांसद, विधायक और मेयर के रूप में भाजपा का ‘ट्रिपल इंजन’ है। इसके अलावा मुख्यमंत्री भी गोरखपुर से हैं और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी इसी क्षेत्र से जुड़े हैं। अखिलेश ने आरोप लगाया कि इतने बड़े राजनीतिक प्रभाव के बावजूद यदि निर्माण कार्यों की यह स्थिति है तो सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि शायद इसी वजह से भ्रष्टाचार में हिस्सेदारी ज्यादा हो रही है और निर्माण के लिए पैसा बच ही नहीं रहा। उन्होंने राजघाट निर्माण की स्थिति को बेहद निंदनीय बताते हुए सरकार से जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *