राजसमंद की भीम नगर पालिका के 20 वार्डों में से 18 वार्डों में पहली बार मतदान हुआ। दो वार्डों में प्रत्याशियों के नामांकन रद्द होने के बाद निर्विरोध निर्वाचन हो चुका था। वार्ड नंबर 6 में कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन रद्द होने से सुरेंद्र सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि वार्ड नंबर 8 में भाजपा प्रत्याशी का नामांकन रद्द होने पर कांग्रेस प्रत्याशी प्रभु दयाल निर्विरोध चुने गए। इसके बाद 18 वार्डों के 62 प्रत्याशियों के लिए मतदान हुआ। भीम में पहली बार हुए नगर पालिका चुनाव के मतदान में मतदाताओं ने खासा उत्साह दिखाया। कुल 7852 मतदाताओं में से 6476 ने वोट डाला, यानी मतदान प्रतिशत 82.49 % रहा। पुरुषों से आगे निकली महिलाएं मतदान में सबसे खास तस्वीर महिला मतदाताओं की रही। कुल 3896 महिला मतदाताओं में से 3314 ने मतदान किया, यानी 85.06 प्रतिशत महिलाओं ने वोट डाला। वहीं 3955 पुरुष मतदाताओं में से 3162 ने मतदान किया, जो 79.95 प्रतिशत रहा। इस तरह महिलाओं ने पुरुषों की तुलना में 5.11 प्रतिशत अधिक मतदान किया। संख्या के लिहाज से पुरुषों की तुलना में 152 अधिक महिलाओं ने मतदान किया। 1 थर्ड जेंडर मतदाता भी सूची में शामिल रहा। 60 उम्र में भी दिखा उत्साह 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मतदाताओं में भी मतदान को लेकर अच्छा उत्साह देखने को मिला। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 543 पुरूष मतदाताओं में से 442 ने मतदान किया, जबकि 101 मतदान केंद्र तक नहीं पहुंचे। महिलाओं के 710 मतदाताओं में से 604 ने वोट डाला।

