पाकिस्तान या श्रीलंका, किससे भिड़ेगा भारत? एशिया कप फाइनल पर दीप्ति शर्मा ने बताया टीम का प्लान

पाकिस्तान या श्रीलंका, किससे भिड़ेगा भारत? एशिया कप फाइनल पर दीप्ति शर्मा ने बताया टीम का प्लान

Women’s T20 Asia Cup 2026 Final: हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में अजेय रहते हुए भारत ने महिला टी-20 एशिया कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। फाइनल में उसका सामना पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। भारत इसे लेकर किसी तरह की लापरवाही बरतने के मूड में नहीं है। ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने एशिया कप फाइनल को लेकर भारतीय टीम की योजनाओं का खुलासा किया है।

दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले पर भारत की नजर

ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने कहा कि भारतीय टीम को इस बात की चिंता नहीं है कि महिला टी-20 एशिया कप के दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान और गत चैंपियन श्रीलंका में से कौन जीतकर फाइनल में पहुंचता है। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम खिताबी मुकाबले से पहले किसी भी प्रतिद्वंद्वी को हल्के में नहीं लेगी।

महिला टी-20 एशिया कप के पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश पर जीत के बाद दीप्ति शर्मा ने टीम की आगामी योजनाओं का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि भारतीय टीम महिला टी-20 एशिया कप के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले को साथ बैठकर देखेगी। इससे फाइनल की तैयारी में मदद मिलेगी।

बता दें कि भारत मौजूदा टूर्नामेंट में पाकिस्तान को पहले ही हरा चुका है। भारतीय टीम ने पाकिस्तान को सिर्फ 55 रन पर ऑलआउट कर दिया था और 68 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया था। क्रिकेट प्रशंसक भारत और पाकिस्तान के बीच एक और फाइनल की उम्मीद कर रहे हैं। हालांकि, इसके लिए पाकिस्तान को श्रीलंका की चुनौती का सामना करना होगा।

भारत की फील्डिंग चिंता का विषय

भारतीय महिला क्रिकेट टीम भले ही टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही हो, लेकिन उसकी फील्डिंग चिंता का विषय बनी हुई है। बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय खिलाड़ियों ने चार कैच छोड़े थे। हालांकि, इन गलतियों का टीम के नतीजे पर असर नहीं पड़ा।

दीप्ति ने भी फील्डिंग में हुई गलतियों को स्वीकार किया, लेकिन फाइनल से पहले टीम की तैयारी पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा, ‘एक टीम के तौर पर फील्डिंग में हम अच्छा काम कर रहे हैं। ट्रेनिंग में हम लगातार कैच पकड़ने और फील्डिंग का अभ्यास कर रहे हैं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *