Mohammad Rizwan and Imam-ul-Haq Investigation: मोहम्मद रिजवान और इमाम-उल-हक से NCCIA ने पूछताछ की है। जानें इंग्लैंड दौरे से जुड़े पूरे मामले और PCB की आंतरिक जांच में क्या सामने आया।
NCCIA investigation: पाकिस्तान के क्रिकेटर मोहम्मद रिजवान और इमाम-उल-हक की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दरअसल, पाकिस्तान की नेशनल साइबर क्राइम्स इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NCCIA) ने दोनों खिलाड़ियों से पूछताछ की है। दोनों खिलाड़ी गुरुवार को एजेंसी के कार्यालय पहुंचे। खबर है कि इस दौरान एजेंसी ने एक खिलाड़ी को कई घंटे तक बैठाए रखा। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि NCCIA ने खिलाड़ियों से किस मामले में पूछताछ की। यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामले का संबंध पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की आंतरिक जांच से है या नहीं।
दोनों क्रिकेटरों को बीच में छोड़ना पड़ा इंग्लैंड दौरा
मोहम्मद रिजवान और इमाम-उल-हक समेत सात खिलाड़ियों को इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज के बीच टीम से बाहर कर घर भेज दिया गया था। लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान की हार के बाद इन खिलाड़ियों को टीम से रिलीज कर दिया गया। इसके बाद उन्हें NCCIA के सामने पेश होने के लिए बुलाया गया।
PCB ने इसी सप्ताह जांच शुरू करने की घोषणा की थी। हालांकि, बोर्ड ने किसी खिलाड़ी का नाम नहीं बताया था। PCB ने कहा था कि उसने अनुशासन और आचरण से जुड़ी मीडिया रिपोर्टों के बाद आंतरिक अनुशासनात्मक जांच शुरू की है, जिसकी फिलहाल आंतरिक स्तर पर समीक्षा की जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, कम से कम एक खिलाड़ी को NCCIA की ओर से एक प्रश्नावली भी दी गई है। उससे अगले सप्ताह इसे पूरा करके एजेंसी को वापस करने की उम्मीद है।
PCB ने टीम से सात खिलाड़ियों को किया था रिलीज
मोहम्मद रिजवान के लिए इंग्लैंड दौरा बल्ले से निराशाजनक रहा। उन्होंने चार पारियों में 12, 41, 7 और 1 रन बनाए। वहीं, इमाम-उल-हक को लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन बाएं पैर की पिंडली में ग्रेड-1 टियर का पता चला था। इसके कारण वह पाकिस्तान की दोनों पारियों में मैदान पर नहीं उतरे। मैच के आखिरी दिन उन्होंने मैच से पहले हल्की बल्लेबाजी का अभ्यास करने की कोशिश की, लेकिन वह शारीरिक रूप से संघर्ष करते हुए नजर आए।
PCB के मुख्य चयनकर्ता और हाई परफॉर्मेंस निदेशक आकीब जावेद ने सार्वजनिक रूप से इमाम की चोट पर सवाल उठाए थे। उन्होंने संकेत दिया था कि इसकी जांच हो सकती है।
लॉर्ड्स में पाकिस्तान को 194 रन से हार मिली थी। इसके बाद PCB ने टीम से सात खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया था। इनमें मोहम्मद रिजवान, इमाम-उल-हक, सलमान आगा, अली उस्मान, आमेर जमाल, आवैस जफर और खुर्रम शहजाद शामिल थे। इससे पहले सीरीज के शुरुआती टेस्ट में पाकिस्तान को लीड्स में पारी और 103 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
Sports – Patrika | CMS

