Women’s Asia Cup 2026 Semifinal: दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में गुरुवार की रात को भारत और बांग्लादेश की महिला टीमें वूमेंस एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में आमने सामने हुईं। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने शेफाली वर्मा की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में 149 रन बनाए। जवाब में बंग्लादेश की टीम 20 ओवर खेलने के बाद 109 रन ही बना सकी। इसके बावजूद बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना ने बल्लेबाजों की बजाय गेंदबाजों पर हार का ठीकरा फोड़ा। उनका मानना था कि टीम के गेंदबाजों की वजह से भारतीय टीम 149 रन तक पहुंच गई
सुल्ताना ने बताई हार की असली वजह
मैच के बाद निगार सुल्ताना ने कहा, “असल में आज हमने अच्छी बॉलिंग नहीं की, क्योंकि पिछले तीन मैचों में हमने एक टीम के तौर पर बहुत अच्छी बॉलिंग की थी। मुझे लगता है कि हमने फील्डिंग भी अच्छी नहीं की। हमने कई मौके गंवा दिए। भारत के खिलाफ सेमीफाइनल खेलने का दबाव टीम पर नहीं था। बस पूरी टीम के लिए यह एक बुरा दिन था और हाँ, कभी-कभी हम उन्हें ऐसे स्कोर पर रोकना चाहते थे जिसे हम चेज़ कर सकें, लेकिन पावरप्ले में हम उतनी अच्छी बैटिंग नहीं कर पाए।”
उन्होंने आगे कहा, “दूसरी पारी में पिच का बर्ताव वैसा ही था, लेकिन हमें उम्मीद थी कि शायद इस बार हमें बेहतर विकेट मिलेगा, फिर भी हमने अच्छी बॉलिंग की। हमने मौके बनाए, लेकिन हम उनका फ़ायदा नहीं उठा पाए, इसलिए उन्होंने बहुत अच्छी बैटिंग की। मुझे लगता है कि हमने यहाँ से बहुत कुछ हासिल किया है। एक बात जो हमने यहाँ सीखी है, वह यह है कि हमने खुद को बहुत सीमित रखा। इसलिए भविष्य में हम अपना पूरा ज़ोर लगाकर खेलना चाहते हैं और बस मैदान पर अपनी योजना को सही ढंग से लागू करने की ज़रूरत है।”
भारतीय टीम 10वीं बार एशिया कप के फाइनल में पहुंच गई है। इससे पहले खेले गए 9 टूर्नामेंट में से टीम इंडिया ने 7 बार खिताब जीता है। एक बार बांग्लादेश ने ट्रॉफी उठाई है तो एक बार श्रीलंका चैंपियन रहा है। पाकिस्तान की टीम 2 बार फाइनल में पहुंची है और दोनों बार उसे भारतीय टीम से हार झेलनी पड़ी है।


