Ahmedabad. शहर में बीते एक साल में यानी एक अगस्त 2025 से 31 जुलाई 2026 के दौरान हत्या की 83 मामले जबकि दुष्कर्म की 286 वारदातें पंजीकृत हुई हैं। इसी अवधि में चोरी की 2860, लूट की 56, बलात्कार की 289, हत्या की 83, छेड़छाड़ की 117 और अपहरण की 225 प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके अलावा फिरौती मांगने से जुड़ीं 10, शराब से जुड़ीं 12889, जुएं से जुड़ीं 1495 शिकायतें दर्ज की गई।
राज्य विधानसभा में आंकलाव से वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अमित चावडा की ओर से पूछे गए सवाल के जवाब में गृहमंत्री सह उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी की ओर से यह लिखित जानकारी दी गई।गृह मंत्री की ओर से सदन को बताया गया कि अहमदाबाद शहर में बीते एक साल में साइबर ठगी के 495 मामले पंजीकृत हुए हैं। यह दर्शाता है कि शहर में हर दिन औसतन एक से ज्यादा (1.35 व्यक्ति) साइबर ठगी का शिकार हो रहा है।
38000 आरोपी गिरफ्तार, 725 फरार
सदन में बताया गया कि अहमदाबाद और सूरत शहर में बीते एक साल में दर्ज इन मामलों में लिप्तता के चलते 38,877 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया जबकि 725 आरोपी अब भी गिरफ्त से बाहर हैं। इन्हें पकड़ने के लिए पुलिस मोबाइल सर्विलांस, मुखबिर की मदद ले रही है। साइबर अपराधों में शामिल आरोपियों के लिए बैंक खातों और आइपी एड्रेस को ट्रैक कर रही है, जबकि राज्य से बाहर भागे आरोपियों के लिए अन्य राज्यों की पुलिस की मदद ले रही है।
सूरत में एक साल में 100 से ज्यादा हत्या
विधानसभा में बताया गया कि एक अगस्त 2025 से 31 जुलाई 2026 के दौरान सूरत शहर में हत्या की 115 वारदातें दर्ज की गई हैं। बलात्कार के 331, छेड़छाड़ के 134 और अपहरण के 297 अपराध दर्ज हुए। फिरौती के 108, चोरी के 1275, लूट के 54 मामले और साइबर ठगी के 333 केस दर्ज हुए। शराब से जुड़े 8556 और जुए के 1137 केस पंजीकृत हुए हैं।

