बाड़मेर डीएसटी और रीको थाना पुलिस ने अवैध मादक-पदार्थ और हथियारों के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं एक थार को भी जब्त किया है। उसके कब्जे से एक देशी कट्टा, 5 कारतूस और 151 ग्राम अफीम का दूध बरामद किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से अवैध हथियार और ड्रग्स को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस को देख भागने लगे आरोपी एसपी चूनाराम जाट ने बताया- पुलिस मुख्यालय और जोधपुर रेंज आईजी के निर्देशानुसार निकाय चुनाव को लेकर अवैध हथियार और ड्रग्स तस्करी को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एएसपी नितेश आर्य, डीएसपी बुद्धाराम विश्नोई के सुपरविजन में रीको थानाधिकारी पदमाराम के नेतृत्व के टीम बनाई गई। डीएसटी टीम को सूचना मिली थी कि बाड़मेर की रिंग रोड पर थार गाडी में कुछ संदिग्ध जा रहे थे। इस पर रीको थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने रामनगर में रिंग रोड के पास पुलिस को देखकर संदिग्ध थार जीप लेकर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेरकर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम गोरखा राम उर्फ गोविंद पुत्र जसाराम निवासी खारी तड़ला बाखासर को डिटेन किया गया। तलाशी में मिले अवैध हथियार और ड्रग्स टीम ने थार की तलाशी ली गई तो उसमे छुपाकर रखा 151 ग्राम अफीम का दूध व एक देशी कट्टा मय 5 कारतूस बरामद किया गया। आरोपी गोरखा राम उर्फ गोविंद को गिरफ्तार किया गया। इस सबंध में रीको थाने में एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से अवैध हथियार और मादक-पदार्थ की खरीद-फरोख्त को लेकर पूछताछ की जा रही है। दो साल से आरोपी फरार चल रहा था आरोपी मादक-पदार्थ तस्कर है। जो पुलिस थाना बीकानेर के दर्ज एनडीपीएस मामले में 2 साल से फरार चल रहा था। आरोपी साइबर थाना द्वारका दिल्ली के साइबर फ्रॉड के मामले में भी वांटेड है।

