कौशांबी के संदीपनघाट थाना क्षेत्र के कोइलहा स्थित महेंद्रा पेट्रोल पंप के पास मंगलवार शाम एक बाइक सवार युवक से मारपीट हुई थी। पीड़ित मनोज कुमार, जो रसूलाबाद उर्फ कोइलहा के रहने वाले हैं, उन्होंने पुलिस को शिकायत दी है। मनोज ने चार अज्ञात युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने 9 सितंबर को उनकी शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मनोज कुमार ने बताया कि मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वह बाइक से पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने जा रहे थे। पेट्रोल पंप के पास पीछे से आई एक स्विफ्ट डिजायर कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। मनोज बिना विवाद किए पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने लगे। मनोज का आरोप है कि इसके बाद कार सवार एक युवक उनके पास आया और गाली-गलौज करने लगा। जब उन्होंने विरोध किया, तो उस युवक ने अपने तीन और साथियों को बुला लिया। आरोप है कि चारों युवकों में से दो ने मनोज के साथ मारपीट शुरू कर दी। एक आरोपी ने पेट्रोल पंप पर रखी इंटरलॉकिंग ईंट उठाकर मनोज पर हमला करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मनोज को बचाया। मनोज ने बताया कि यह घटना पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ है। पुलिस ने शिकायत और गाड़ी नंबर के आधार पर वीडियो में दिख रहे चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बुधवार शाम केस दर्ज किया है। पुलिस CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर मामले की जांच कर रही है। इस पूरे मामले की जांच सब इंस्पेक्टर जग रूप यादव को सौंपी गई है।

