फतेहपुर में तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर:युवक की मौत, ई-रिक्शा भी चपेट में आया; 3 घायल, हादसे के बाद चालक फरार

फतेहपुर में तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर:युवक की मौत, ई-रिक्शा भी चपेट में आया; 3 घायल, हादसे के बाद चालक फरार

फतेहपुर के सदर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार शाम करीब 6 बजे तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार योगेंद्र लोधी (35) की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के एयरबैग खुल गए। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। लोहरनगंज निवासी योगेंद्र लोधी बुधवार शाम जयरामनगर की तरफ से बाइक से शहर की ओर आ रहे थे। 50 नंबर ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा से भी जा भिड़ी। हादसे में गढ़ियन पुरवा निवासी चरवाहा शिवलाल, ई-रिक्शा चालक शमशाद निवासी शादीपुर गैस गोदाम और ई-रिक्शा में सवार निर्मला देवी घायल हो गईं। जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर हादसे की सूचना पर आसपास के लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। योगेंद्र की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। योगेंद्र बहुजन मुक्ति पार्टी के प्रदेश सचिव और नर्सिंग होम संचालक फूल सिंह लोधी के बेटे थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पोस्टमार्टम के बाद होगा अंतिम संस्कार योगेंद्र के पिता फूल सिंह लोधी ने गुरुवार को बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। हादसे के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। तहरीर मिलने पर दर्ज होगा मुकदमा कोतवाली प्रभारी हेमंत कुमार मिश्रा ने गुरुवार सुबह बताया कि हादसे में युवक की मौत हुई है और तीन लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *