पलवल जिले के हथीन में परिवार को बंधक बनाकर की गई डकैती के मामले में फरार चल रहे पांच हजार के इनामी बदमाश सुमित को पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पैगांव का रहने वाला है और लंबे समय से पुलिस से बच रहा था। उसे पलवल के कैलाश नगर से पकड़ा गया। हथीन थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि यह घटना 23 अप्रैल 2026 को हुई थी। खरिया मोहल्ला हथीन निवासी सन्नी के घर में रात के समय 8-10 हथियारबंद बदमाश घुस गए थे। उन्होंने पूरे परिवार को बंधक बनाकर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूट ली थी। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस वारदात में शामिल पांच आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इनमें अलीगढ़ (यूपी) के संग्रामपुर निवासी सुभाष, नौझील (यूपी) के रायपुर बांगर निवासी नरेश, नूंह के उजीना गांव निवासी अरविंद, श्री मुक्तसर साहिब (पंजाब) के मैना निवासी शंकर पहलवान और मथुरा (यूपी) के रायपुर बांगर निवासी धारा सिंह शामिल हैं। रिमांड पर लेकर की जाएगी माल की बरामदगी आरोपी अरविंद पर पांच हजार और शंकर पहलवान व धारा सिंह पर अलग-अलग एक लाख पांच हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस ने आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल देसी कट्टा, 2 कारतूस, 2 बाइक, एक बटनदार चाकू, डंडा और लूटी गई रकम का कुछ हिस्सा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी सुमित के खिलाफ पहले से ही पांच गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। उसे कोर्ट में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान उससे लूटी गई बाकी रकम और सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए जाएंगे।

