इटावा में सोमवार रात करीब 11 बजे ऑमलेट के पैसे मांगने को लेकर विवाद हो गया। बंगाली कॉलोनी निवासी ठेला संचालक अमित गुप्ता ने चार नामजद युवकों पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे उसके छोटे भाई आलोक गुप्ता के साथ भी मारपीट की गई। बाद में थाने से लौटते समय दोनों भाइयों पर ईंट-पत्थर से हमला किया गया, जिसमें आलोक गंभीर रूप से घायल हो गया। मामला फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में सपना हाउस के पास का है। ऑमलेट के पैसे मांगने पर शुरू हुआ विवाद अमित गुप्ता के मुताबिक, वह सोमवार रात अपने 20 वर्षीय छोटे भाई आलोक के साथ सपना हाउस के पास अंडे का ठेला लगाए था। इसी दौरान चार युवक कार से वहां पहुंचे और ऑमलेट खाया। आरोप है कि युवक बिना पैसे दिए जाने लगे। अमित ने जब ऑमलेट के पैसे मांगे तो कहासुनी शुरू हो गई। गाली-गलौज के बाद मारपीट का आरोप अमित का आरोप है कि कहासुनी बढ़ने के बाद युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ता देखकर उसका छोटा भाई आलोक बीच-बचाव करने पहुंचा। आरोप है कि युवकों ने उसके साथ भी मारपीट की। अमित ने यह भी आरोप लगाया कि युवक पहले भी उनसे रुपये की मांग करते रहे हैं और पैसे नहीं देने पर अंडे व ऑमलेट के रुपये नहीं देते हैं। सोमवार रात ठेले से करीब 2,150 रुपए ले जाने का भी आरोप लगाया गया है। थाने से लौटते समय फिर हमला करने का आरोप अमित के अनुसार, घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई थी। इसके बाद वह शिकायत करने थाने पहुंचा। आरोप है कि थाने से लौटते समय रास्ते में युवकों ने दोनों भाइयों को फिर घेर लिया और ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इस दौरान आलोक के सिर में गंभीर चोट आई। उसके सिर में टांके लगाए गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे अस्पताल में भर्ती कर लिया। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया अमित गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को पकड़कर पूछताछ की है, जबकि एक आरोपी मौके से निकल गया। घटना से संबंधित एक वीडियो भी सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर होगी।

