अयोध्या के कुमारगंज थाना क्षेत्र के कटघरा गांव में बुखार से पीड़ित 9 माह के मासूम की मौत हो गई। परिजन करीब एक सप्ताह से निजी चिकित्सक के यहां बच्चे का इलाज करा रहे थे। 8 सितंबर मंगलवार दोपहर अचानक हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज पहुंचे, जहां इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार कटघरा गांव निवासी मंसू राम का 9 माह का पुत्र ओम पिछले सात दिनों से बुखार से पीड़ित था। परिजनों के मुताबिक शुरू में बुखार को सामान्य समझकर बहादुरगंज बाजार स्थित एक निजी चिकित्सक के यहां इलाज कराया जा रहा था। निजी क्लीनिक से दवाएं दी जा रही थीं, लेकिन बच्चे की हालत में सुधार नहीं हो रहा था। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे बच्चे को तेज बुखार के साथ झटके आने लगे और उसकी हालत गंभीर हो गई। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया यह देख परिजन आनन-फानन में उसे लेकर सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज की इमरजेंसी में पहुंचे। अस्पताल सूत्रों के अनुसार बच्चे को लाए जाने पर चिकित्सकों ने तत्काल जांच की, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने नियमानुसार घटना की सूचना कुमारगंज पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम के अस्पताल पहुंचने से पहले ही परिजन शव को लेकर घर चले गए। इससे अस्पताल में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बदलते मौसम के चलते बच्चों में बुखार के मामले बढ़े हैं। ग्रामीणों ने सरकारी अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ की नियमित तैनाती और बेहतर इलाज की मांग की है। इस संबंध में चिकित्साधीक्षक ने बताया कि बच्चा जब अस्पताल लाया गया तो उसकी मृत्यु हो चुकी थी। प्रथम दृष्टया मामला तेज बुखार से बिगड़ी हालत का लग रहा है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

