सिंगरौली के नौढ़िया में मंगलवार को NH-39 के किनारे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। राजस्व और पुलिस की टीम ने चितरंगी रोड और यूनियन बैंक से बलदेव चौराहा तक सड़क के दोनों तरफ बने कब्जे हटाए। सुबह 7 बजे शुरू हुई कार्रवाई शाम 6 बजे तक चली। इस दौरान 170 से ज्यादा दुकानें और छह पक्के निर्माण हटाए गए। सड़क किनारे लंबे समय से था कब्जा प्रशासन के मुताबिक नौढ़िया में राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों तरफ लंबे समय से दुकानें और दूसरे निर्माण किए गए थे। सड़क किनारे कब्जे होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। हादसों का खतरा भी बना रहता था। स्थानीय लोग लंबे समय से यहां से अतिक्रमण हटाने की मांग कर रहे थे। एसडीएम के दौरे के बाद शुरू हुई कार्रवाई देवसर के नए एसडीएम डॉ. सुशीर श्रीकृष्णा श्रीराम ने क्षेत्र के दौरे के दौरान नौढ़िया में अतिक्रमण की स्थिति देखी थी। इसके बाद प्रशासन और ग्राम पंचायत ने कार्रवाई की तैयारी शुरू की। मंगलवार को तहसीलदार साक्षी गौतम के साथ राजस्व विभाग की टीम और जियावन पुलिस मौके पर मौजूद रही। पहले दिए गए थे नोटिस एसडीएम ने बताया कि अतिक्रमण हटाने से पहले स्थानीय लोगों को कई बार समझाया गया था। नोटिस भी दिए गए थे। इसके बाद भी कब्जे नहीं हटाए गए, इसलिए कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि NH-39 को अतिक्रमण से मुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। लोगों ने कार्रवाई को बताया जरूरी स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई को जरूरी बताया। उनका कहना है कि सड़क किनारे सभी अतिक्रमण हटने से वाहनों की आवाजाही आसान होगी और हादसों का खतरा कम होगा।

