पंजाब मुलाजिम एवं पेंशनर्स की सांझी तालमेल कमेटी के आह्वान पर जगराओं में बिजली कर्मचारियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। टेक्निकल सर्विस यूनियन और ज्वाइंट फोरम पंजाब की अगुवाई में कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें पूरी करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार लंबे समय से कर्मचारियों की मांगों को नजरअंदाज कर रही है। कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें अभी तक पूरा महंगाई भत्ता (डीए) नहीं मिला है, जिससे उनमें रोष है। यूनियन नेता बोले- सरकार ने 18 प्रतिशत डीए देने का वादा किया था यूनियन नेताओं ने बताया कि सरकार ने कर्मचारियों को 18 प्रतिशत डीए देने का वादा किया था, लेकिन इसे अभी तक पूरी तरह लागू नहीं किया गया। उन्होंने मांग की कि कर्मचारियों का बकाया डीए तुरंत जारी किया जाए और सरकार की ओर से किए गए अन्य वादों को भी पूरा किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपने अधिकारों की लड़ाई जारी रखेंगे और मांगें पूरी होने तक संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे। इस मौके पर हरविंदर सिंह स्वद्दी, भूपिंदर सिंह सेखों, अमरजीत सिंह सिद्धू, मनजीत कुमार, अमनदीप सिंह ढिल्लों, अमरजीत सिंह कलेर, कुलदीप सिंह मल्हा समेत बड़ी संख्या में बिजली कर्मचारी मौजूद रहे।

