प्रदेश में बाढ़, कानून व्यवस्था और अन्य कारणों के चलते 29 सितंबर को होने वाले नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव व उपचुनाव स्थगित कर दिए गए हैं। जिला कलेक्टरों और जिला निर्वाचन अधिकारियों ने मौजूदा परिस्थितियों में चुनाव कराने में असमर्थता जताई थी। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने आगर-मालवा जिले के सुसनेर को छोड़कर संबंधित सभी निकायों और पंचायतों के चुनाव स्थगित करने का फैसला लिया है। अब परिस्थितियां अनुकूल होने पर कलेक्टरों की रिपोर्ट के आधार पर आयोग नई तारीखों का ऐलान करेगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने पहले 29 सितंबर 2026 को मतदान की तारीख तय की थी। चुनाव प्रक्रिया 8 सितंबर से नामांकन के साथ शुरू होनी थी। नगरीय निकायों के नतीजे 3 अक्टूबर और पंचायतों के परिणाम पद के अनुसार 3 और 5 अक्टूबर को घोषित किए जाने थे। अध्यक्ष और पार्षद पदों पर होना था मतदान स्थानीय निकाय चुनावों में टीकमगढ़ नगरपालिका और धार जिले की कुक्षी नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रस्तावित थे। आगर-मालवा जिले के सुसनेर नगर परिषद का चुनाव स्थगित नहीं किया गया है। इसके अलावा विभिन्न नगरीय निकायों में खाली 26 पार्षद पदों पर भी उपचुनाव होना था। नामांकन का शेड्यूल: पहले तय कार्यक्रम के अनुसार 8 सितंबर से नामांकन शुरू होना था। 15 सितंबर तक नामांकन जमा करने, 16 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच और 18 सितंबर तक नाम वापसी की तारीख तय थी। इसी दिन चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाने थे। 29 सितंबर को सुबह 7 से शाम 5 बजे तक मतदान और 3 अक्टूबर को मतगणना होनी थी। पंचायतों में 4 हजार से ज्यादा पदों पर चुनाव पंचायत उपचुनावों के तहत 7 जिला पंचायत सदस्य, 28 जनपद पंचायत सदस्य, 110 सरपंच और 4090 पंच पदों के लिए चुनाव होना था। पंचायतों में 29 सितंबर को सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक मतदान होना था। सरपंच और जनपद पंचायत सदस्य के लिए ईवीएम से मतगणना 3 अक्टूबर को विकासखंड मुख्यालय पर सुबह 8 बजे से होनी थी। जिला पंचायत सदस्य और पंच पदों के परिणाम 5 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे घोषित किए जाने थे। इन शहरों के वार्डों में टले उपचुनाव स्थानीय निकायों के उपचुनाव में इंदौर नगर निगम के वार्ड 58 और 60, ग्वालियर के वार्ड 5, सागर के वार्ड 11, कटनी के वार्ड 41 और खंडवा के वार्ड 34 समेत कई जगह मतदान होना था। दमोह, इटारसी, मुलताई, दतिया, कोतमा, आष्टा और विदिशा में भी खाली पार्षद पदों पर उपचुनाव होना था। इसके अलावा फूफ, चाकघाट, लोहारदा, कोटर, जैतवारा, सिलवानी, बड़ौदा, बरघाट, कसरावद, पिपलिया मंडी, निवाली बुजुर्ग और कुक्षी नगर परिषदों के संबंधित वार्डों में भी उपचुनाव प्रस्तावित थे।

