इटावा में गांधी नगर के पास मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे 32 साल के युवक ने कामाख्या एक्सप्रेस के आगे कूदकर जान दे दी। युवक गुरुग्राम से ट्रेन से इटावा पहुंचा था। स्टेशन से घर जाने के बजाय वह रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया और कानपुर की ओर जा रही सुपरफास्ट ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे की सूचना पर आरपीएफ, जीआरपी और फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। परिजन ने पत्नी और ससुराल पक्ष पर धमकी व प्रताड़ना से परेशान करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामला फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र का है। स्टेशन से निकलकर रेलवे ट्रैक पर पहुंचा सुंदरपुर मोड़ निवासी मोनू उर्फ मंजीत जाटव पुत्र रामेश्वर दयाल गुरुग्राम की ओकाया कंपनी में काम करते थे। मंगलवार को वह गुरुग्राम से नेताजी एक्सप्रेस ट्रेन से इटावा रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्टेशन से निकलने के बाद वह गांधी नगर के सामने रेलवे लाइन पर पहुंच गए। दोपहर करीब 12:30 बजे कानपुर की ओर जा रही सुपरफास्ट कामाख्या एक्सप्रेस के सामने आ गए। ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पहचान पत्र और मोबाइल से हुई पहचान हादसे की सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। मृतक की जेब से मिले पहचान पत्र और मोबाइल के आधार पर स्वजन को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे बड़े भाई शिक्षक दिलीप कुमार और ममेरे भाई अजीत सिंह ने शव की पहचान मोनू के रूप में की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अप्रैल में हुई थी शादी दिलीप कुमार के मुताबिक, मोनू की शादी इसी वर्ष अप्रैल में भरथना निवासी ज्योति के साथ हुई थी। शादी को करीब छह माह हुए थे। उनके अनुसार, करीब एक माह पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद ज्योति मायके चली गई थी। परिजन का कहना है कि वैवाहिक विवाद के चलते मोनू मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। गुरुग्राम पहुंचकर धमकी देने का आरोप बड़े भाई ने आरोप लगाया कि शनिवार को मोनू के ससुर और साले गुरुग्राम पहुंचे थे। वहां उन्होंने मोनू को धमकी दी थी। इसके बाद से वह काफी परेशान था। स्वजन के मुताबिक, इसी मामले को लेकर पंचायत के लिए मोनू गुरुग्राम से इटावा लौट रहा था। आरोप है कि इटावा पहुंचने के बाद उसने घर जाने के बजाय रेलवे ट्रैक पर जाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। पत्नी पर भी लगाए आरोप भाई ने आरोप लगाया- मोनू की पत्नी किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। हालांकि, इस आरोप की पुलिस स्तर से अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

