हांसी में मंगलवार को भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर सुनील सेन का जोरदार स्वागत किया गया। नवीन ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोटरसाइकिल काफिले के साथ उनका अभिनंदन किया। कार्यकर्ता जींद फ्लाईओवर के नीचे जमा हुए और वहां से काफिले के साथ हांसी पहुंचे। इस मौके पर सुनील सेन ने कहा कि हर वर्ग का हित और सभी को बराबर मौके देना सिर्फ भाजपा में ही मुमकिन है। उन्होंने बताया कि संख्या में कम होने के बाद भी भाजपा ने सेन समाज को प्रदेश स्तर पर खास जगह दी है। जो यह दिखाता है कि पार्टी सभी समाज को साथ लेकर चलती है। भाजपा सभी वर्गों के एक जैसे विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की लोगों के लिए अच्छी योजनाएं और संगठन के मजबूत काम करने के तरीके के कारण, आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी फिर से जीतेगी। वह प्रदेश में अपनी पकड़ मजबूत करेगी। भाजपा की नीति एक वर्ग तक सीमित नहीं : ठाकुर सीएम विंडो कमेटी के सदस्य नवीन ठाकुर ने कहा कि ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सेन समाज को मिलने से पूरे समाज में खुशी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीति किसी एक वर्ग तक ही नहीं है। पार्टी सभी समाज को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। इसी वजह से समाज के हर वर्ग में भाजपा पर भरोसा बढ़ रहा है। हांसी विधायक विनोद भयाना के बेटे साहिल भयाना ने भी सुनील सेन का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भाजपा में एक आम कार्यकर्ता को भी संगठन में खास जिम्मेदारी मिल सकती है। पार्टी में कार्यकर्ता की मेहनत और क्षमता को देखा जाता है। यहां सिर्फ पद देखकर ओहदा नहीं दिया जाता। भाजपा में एक छोटा कार्यकर्ता भी अध्यक्ष, मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री जैसे सबसे बड़े पद तक पहुंच सकता है। इस मौके पर नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि विनोद सैनी और मार्केट कमेटी अध्यक्ष दिनेश धवन सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

