बलरामपुर के झारखंडी क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के कारण यातायात पहले से ही मुश्किल है। अब बारिश के बाद बदहाल सर्विस लेन ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। सर्विस लेन पर जगह-जगह पानी और कीचड़ जमा हो गया है। इससे वाहनों के पहिए कीचड़ में धंस रहे हैं। दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिरने के खतरे के बीच आवागमन करने को मजबूर हैं। सर्विस लेन पर यातायात पर असर पड़ने से वाहनों का दबाव मुख्य मार्ग पर बढ़ गया है। जिससे थोड़ी ही देर में सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। जाम के कारण राहगीरों को भी परेशानी हो रही है। सर्विस लेन ठीक कराने की मांग पैदल चलने वाले लोगों को सड़क पार करने और चलने के लिए कीचड़ और पानी के बीच से रास्ता खोजना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज का निर्माण इलाके के लिए जरूरी है। लेकिन निर्माण के दौरान वैकल्पिक मार्ग को ठीक रखना भी जिम्मेदार एजेंसियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। राहगीर नीतीश तिवारी ने कहा कि निर्माण कार्य जरूरी है, पर सर्विस लेन को आने-जाने लायक बनाना चाहिए। वहीं रवि गुप्ता ने बताया कि जाम अब रोज की समस्या बन गया है। प्रोजेक्ट मैनेजर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि यातायात व्यवस्था संभालने के लिए कर्मचारी लगाए गए हैं। स्थानीय लोगों ने सर्विस लेन से पानी और कीचड़ हटाकर उसे तुरंत ठीक कराने की मांग की है।

