बारां जिले के 6 नगरीय निकायों में चुनावी तस्वीर दिलचस्प हो गई है। नामांकन में 714 प्रत्याशियों ने संपत्ति घोषित की, जिसमें 48 करोड़पति, 530 लखपति और 113 की संपत्ति एक लाख से भी कम है। 23 प्रत्याशियों ने संपत्ति का कॉलम खाली छोड़ दिया है। सबसे ज्यादा 23 करोड़पति 60 वार्ड वाली बारां नगर परिषद में हैं, जो कुल करोड़पतियों का करीब आधा है। कई वार्डों में करोड़पति बनाम हजारपति का मुकाबला है।
दूसरी ओर बारां नगर परिषद में सभापति की कुर्सी महिला आरक्षित होते ही परिवारवाद हावी हो गया है। जो नेता खुद दावेदार थे, उन्होंने पत्नी, बहू, बेटी को मैदान में उतार दिया है। वार्ड 38 से भाजपा जिला महामंत्री राकेश जैन की पत्नी निलेश जैन, वार्ड 27 से कांग्रेस शहर अध्यक्ष प्रशांत भारद्वाज की पत्नी मीनाक्षी, वार्ड 40 से पूर्व उपसभापति नरेश गोयल की पत्नी रानू गोयल और वार्ड 34 से कांग्रेस महामंत्री कैलाश जैन की पत्नी अनिता पहली बार चुनाव लड़ रही हैं। वार्ड 54 से नंदलाल सुमन के परिवार की बहू अंतिमा सुमन और वार्ड 56 से अशरफ देशवाली की बेटी कशिश देशवाली मैदान में हैं। वहीं, वार्ड 46 से कमल राठौर और वार्ड 37 से उनकी पत्नी शीतल राठौर दोनों आप से चुनाव लड़ रहे हैं

