हरदोई के हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के पलिया गांव में सोमवार करीब 12:30 बजे गया। तेज रफ्तार बैगनआर कार ने बाइक सवार 48 वर्षीय रामनाथ को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रामनाथ के पेट में कोई नुकीली चीज घुस गई, जिससे उनका पेट फट गया और आंतें बाहर निकल आईं। गंभीर हालत में उन्हें हरपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। ट्रैक्टर की किस्त जमा करने आए थे
रामनाथ अरवल थाना क्षेत्र के नाऊपुरवा गांव के रहने वाले थे। सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे वह अपने ट्रैक्टर की किस्त जमा करने के लिए पलिया गांव की बाजार स्थित जन सेवा केंद्र आए थे। इसी दौरान मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने निजी वाहन से पहुंचाया अस्पताल
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल रामनाथ को निजी वाहन से हरपालपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उनकी हालत बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। हादसे की सूचना मिलने पर परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। कार कब्जे में, चालक हिरासत में
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए हरदोई मर्चरी हाउस भेज दिया। पुलिस ने हादसे में शामिल बैगनआर कार को भी कब्जे में ले लिया है। कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और चालक की भूमिका की जांच कर रही है। परिवार में मचा कोहराम
रामनाथ की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनकी पत्नी रामपोती, बेटे रवि, सुरजीत और कृष्णपाल तथा बेटियां प्रज्ञा और प्रीति का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि रामनाथ घर की जिम्मेदारियां संभालते थे। हरपालपुर प्रभारी निरीक्षक संदीप शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

