गाजियाबाद की ट्रॉनिका सिटी पुलिस ने नाबालिग किशोरियों से गैंगरेप के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उनके पास से दो अवैध हथियार और दिल्ली से चोरी की गई एक स्कूटी बरामद की है। दो किशोरियों के साथ हुई थी घटना एसीपी लोनी राम किशन राना ने बताया कि 4 सितंबर को ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में दो नाबालिग किशोरियों के साथ हुई घटना के संबंध में परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत के आधार पर ट्रॉनिका सिटी थाने में मुकदमा नंबर 0332/2026, धारा 74 बीएनएस और 7/8 पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। एसीपी ने आगे बताया कि जांच के दौरान पीड़ितों के मेडिकल परीक्षण और बयानों के आधार पर 5 सितंबर को इस मुकदमे में धारा 70(2) बीएनएस (गैंगरेप) और धारा 5(g)/6 पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई थीं। इस मामले की जांच उपनिरीक्षक सर्वेश कुमार राठौर कर रहे हैं। गश्त के दौरान हुई कार्रवाई उन्होंने बताया कि पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान 6 सितंबर की रात करीब 10 बजकर 50 मिनट पर ट्रॉनिका सिटी पुलिस खानपुर के जंगल में चेकिंग और गश्त कर रही थी। तभी स्कूटी पर दो संदिग्ध लोग आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस की गोली से दोनों बदमाश घायल हो गए। घायल बदमाशों की पहचान गुलजार (20 वर्ष), जो मुस्ताक का बेटा और सुधीर एनक्लेव, रामपार्क का रहने वाला है, और एहसान (22 वर्ष), जो कल्लू उर्फ नदीम का बेटा और सुधीर एनक्लेव, रामपार्क का रहने वाला है, के रूप में हुई है। मुठभेड़ में एहसान के बाएं पैर में और गुलजार के दाहिने पैर में गोली लगी है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों के पास से दो अवैध तमंचे, दो खाली कारतूस, दो जिंदा कारतूस और दिल्ली से चोरी की गई एक स्कूटी बरामद की है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी इकट्ठा कर रही है।

