बठिंडा की गोनियाना रोड स्थित झील नंबर-2 में सोमवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर समाजसेवी संस्था नौजवान वेलफेयर सोसाइटी बठिंडा के वालंटियर यादविंदर कंग और ललित जिंदल मौके पर पहुंचे। उन्होंने थाना थर्मल पुलिस को भी सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में संस्था के सदस्यों ने शव को झील से बाहर निकाला। मृतक की उम्र करीब 50 वर्ष बताई जा रही है। उसने नीले रंग की शर्ट और काले रंग की पैंट पहनी हुई थी। तलाशी के दौरान उसके पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस मामले की जांच में जुटी पुलिस की शुरुआती कार्रवाई के बाद संस्था के सदस्यों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। थाना थर्मल के एसएचओ हरजोत सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। एसएचओ ने बताया कि फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस की ओर से पहचान के लिए इश्तहार जारी करवाए जा रहे हैं। शव को 72 घंटे के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। इस दौरान यदि मृतक की पहचान हो जाती है तो परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

