ऑपरेशन मुस्कान में 3 युवतियां बरामद:कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर जीआरपी ने बस्ती की लापता युवतियों को खोजा

ऑपरेशन मुस्कान में 3 युवतियां बरामद:कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर जीआरपी ने बस्ती की लापता युवतियों को खोजा

कानपुर में परिजनों की डांट से नाराज होकर बिना बताए घर से निकलीं तीन युवतियों को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया गया है। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) कानपुर सेंट्रल ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत तत्परता दिखाते हुए यह सफलता हासिल की। मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवतियां अपने घर से बिना किसी को कुछ बताए अचानक लापता हो गई थीं। परिजनों ने इस संबंध में बस्ती जिले के थाना हरैया में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस और जीआरपी लगातार अलर्ट पर थीं। जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने स्टेशन परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 4/5 पर तीन युवतियां बैठी दिखाई दीं। पूर्व में प्राप्त तस्वीरों से मिलान करने पर उनकी पहचान बस्ती से लापता हुई युवतियों के रूप में हुई। जीआरपी पुलिसकर्मियों ने युवतियों को समझा-बुझाकर सुरक्षित महिला हेल्पडेस्क पर बैठाया और तत्काल उनके परिजनों को सूचना दी। परिजनों के कानपुर पहुंचने पर सभी औपचारिकताएं पूरी कर तीनों युवतियों को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया। जीआरपी कानपुर सेंट्रल की इस त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की परिजनों ने भूरि-भूरि सराहना की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *