मऊगंज; नकली चांदी से ठगी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा:4 महिलाएं समेत 5 गिरफ्तार, असली चांदी और नकदी बरामद

मऊगंज; नकली चांदी से ठगी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा:4 महिलाएं समेत 5 गिरफ्तार, असली चांदी और नकदी बरामद

मऊगंज पुलिस ने रविवार को एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह सराफा व्यापारी को नकली चांदी देकर असली चांदी के गहने ठगता था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 4 महिलाओं और एक पुरुष समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी उत्तर प्रदेश के सोनभद्र और मिर्जापुर जिले के रहने वाले हैं। आरोपियों के पास से ठगी गई 60 ग्राम असली चांदी, 14 हजार 800 रुपए नकद, 180 ग्राम नकली चांदी के गहने और 4 मोबाइल फोन मिले हैं। ऐसे आए पकड़ में पुलिस ने बताया कि ग्राम चंदेह के रहने वाले 22 साल के निलेश सोनी की ग्राम पटेहरा में सोने-चांदी की दुकान है। रविवार को चार महिलाएं उनकी दुकान पर आईं। उन्होंने करीब 60 ग्राम वजन के नए चांदी के गहने खरीदे, जिनमें पायल और बच्चों के छड़े शामिल थे। गहनों के बदले महिलाओं ने दुकान में 180 ग्राम पुरानी चांदी दी। इसकी कीमत करीब 15 हजार रुपए बताई गई। व्यापारी निलेश सोनी को शक हुआ। उन्होंने मऊगंज सराफा मार्केट में चांदी की जांच कराई। जांच में पता चला कि पुरानी चांदी नकली और गिलेट धातु की थी। इसके बाद व्यापारी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। डायल-112 और पुलिस टीम ने घेराबंदी की। मिर्जापुर जाने वाली बस से दो महिलाओं प्रियंका सोनी और गुंजा सोनी को पकड़ा गया। वहीं, ललिता सोनी को पटेहरा इलाके से हिरासत में लिया गया। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान गिरोह के दो और सदस्यों रमिता चौरसिया और उसके भाई मोहचंद्र चौरसिया को भी गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम और एसडीओपी शची पाठक के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक राम सिंह पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह एक्शन लिया। मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *