संगरूर में मुख्यमंत्री के विरोध प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किए गए मोहनजीत सिंह शेरो की तबीयत बिगड़ने के बाद रविवार को उन्हें पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर किया गया। संगरूर के सरकारी अस्पताल से कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें राजिंदरा अस्पताल लाया गया, जहां इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर डॉक्टरों की टीम ने उनकी जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री के विरोध के दौरान पुलिस ने मोहनजीत सिंह को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उनके साथ पुलिस द्वारा मारपीट और प्रताड़ना किए जाने के आरोप सामने आए थे। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। तबीयत खराब होने के बाद उन्हें संगरूर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बेहतर इलाज के लिए पटियाला रेफर स्वास्थ्य संबंधी परेशानी बढ़ने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज और जरूरी जांच के लिए पटियाला रेफर किया। राजिंदरा अस्पताल पहुंचने के बाद उन्हें सीधे इमरजेंसी में भर्ती किया गया। डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है और कई जरूरी मेडिकल टेस्ट करवाए जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही उनकी स्वास्थ्य स्थिति और बीमारी का कारण स्पष्ट हो सकेगा। वहीं, मोहनजीत सिंह का हाल जानने के लिए बीजेपी के कई नेता राजिंदरा अस्पताल पहुंचे, लेकिन सुरक्षा कारणों से उन्हें अंदर जाकर मिलने की अनुमति नहीं दी गई। बीजेपी नेता दमन थिंद बाजवा और पटियाला ग्रामीण से बीजेपी नेता करण कौड़ा ने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए पुलिस प्रताड़ना के आरोपों की निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोगों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल मोहनजीत सिंह का इलाज जारी है और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

