जौनपुर शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। रविवार शाम करीब 4:30 बजे सद्भावना पुल के पास बाइक से घर जा रहे 20 वर्षीय युवक की गर्दन चाइनीज मांझे की चपेट में आ गई। धारदार मांझे से उसकी गर्दन कट गई और खून निकलने लगा। दोस्तों ने तत्काल कपड़े से घाव दबाया और युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया। समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई। अचानक गर्दन में फंस गया मांझा घायल युवक की पहचान पुराना पानदरीबा निवासी संतोष कुमार मौर्य के बेटे शगुन मौर्य (20) के रूप में हुई है। शगुन रविवार शाम करीब 4:30 बजे बाइक से अपने घर जा रहा था। वह राजेश बिरयानी वाले के पास पहुंचा था, तभी आसमान में उड़ रहा चाइनीज मांझा अचानक उसकी गर्दन में फंस गया। मांझे की धार से गर्दन पर कट लगते ही युवक घबरा गया और बाइक रोक दी। दोस्तों ने कपड़ा रखकर रोका खून हादसे के बाद शगुन के दोस्त शानू और अन्य साथी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत उसकी गर्दन पर कपड़ा रखकर खून रोकने की कोशिश की। इसके बाद घायल युवक को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, समय पर उपचार मिलने से युवक की हालत खतरे से बाहर है। गर्दन पर चोट लगी है, लेकिन फिलहाल कोई गंभीर खतरा नहीं बताया गया है। प्रतिबंध के बावजूद बिक्री पर सवाल घटना के बाद शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इसकी धार राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। सद्भावना पुल के पास हुई घटना ने एक बार फिर इसके इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने की जरूरत सामने ला दी है। प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा शहर में कैसे पहुंच रहा है और इसकी बिक्री कौन कर रहा है, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस और प्रशासन को इसकी बिक्री और इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

