मुजफ्फरनगर में छपार थाना क्षेत्र में जन्माष्टमी की रात मंदिर गई लड़की से रेप मामले में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार रविवार दोपहर करीब 3 बजे उससे मिलने घर पहुंचे। मंत्री ने परिजनों से घटना की जानकारी ली। हरसंभव मदद व सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा मामले में दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई कराई जाएगी। मंत्री ने पीड़ित परिवार से बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी ली। मौके पर मौजूद संबंधित लोगों और अधिकारियों से भी उन्होंने मामले में अब तक हुई पुलिस कार्रवाई की जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए और कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मां ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की पीड़िता की मां ने मंत्री के सामने अपनी बेटी के साथ हुई कथित घटना को लेकर न्याय की मांग रखी। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और दोषियों को सजा दिलाने की अपील की। परिवार के मुताबिक, किशोरी स्कूल में पढ़ती है और सामान्य आर्थिक परिस्थितियों में परिवार का जीवनयापन होता है। घटना के बाद परिवार में भय और चिंता का माहौल है। मुख्य आरोपी गिरफ्तार यह मामला 4 सितंबर की रात जन्माष्टमी के दौरान सामने आया था। परिजनों के मुताबिक, नाबालिग किशोरी मंदिर जाने के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि उसे जबरन ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। किशोरी के परिजनों की शिकायत और उसके बयानों के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।पुलिस के अनुसार, मामले के मुख्य आरोपी गांव निवासी समीर को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य नामजद आरोपियों के संबंध में पुलिस की कार्रवाई जारी है।

