बिल्हौर में फेस्टिवल टेस्ट का आयोजन:18 अक्टूबर को होगी प्रतियोगिता, 12वीं तक के विद्यार्थी लेंगे हिस्सा

बिल्हौर में फेस्टिवल टेस्ट का आयोजन:18 अक्टूबर को होगी प्रतियोगिता, 12वीं तक के विद्यार्थी लेंगे हिस्सा

कानपुर के बिल्हौर में ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें प्रोत्साहित करने और आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में समाजसेवी घनश्याम कुशवाहा की पहल पर फेस्टिवल टेस्ट प्रतियोगिता 2026 का सातवां संस्करण आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता आगामी 18 अक्टूबर को स्टेशन रोड उत्तरीपुरा स्थित श्री बालाजी कोचिंग सेंटर के तत्वावधान में होगी। इसमें कक्षा एक से 12 तक के विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। समाजसेवी एवं श्री बालाजी कोचिंग सेंटर के डायरेक्टर घनश्याम कुशवाहा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन कई बार उचित मंच और प्रोत्साहन के अभाव में उनकी क्षमता सामने नहीं आ पाती। इसी सोच के साथ फेस्टिवल टेस्ट प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा परखने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल प्रत्येक विद्यार्थी को तैयारी के लिए अध्ययन पुस्तक निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। पंजीकरण 25 अगस्त से शुरू हो चुका है और अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित है। 10 सितंबर तक पंजीकरण शुल्क 270 रुपए तथा इसके बाद 300 रुपए रहेगा। सीमित सीटों के कारण प्रतिदिन केवल 25 विद्यार्थियों का पंजीकरण किया जाएगा। प्रतियोगिता में एक घंटे की परीक्षा होगी, जिसमें सामान्य ज्ञान पर आधारित 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न चार विकल्पों के साथ पूछे जाएंगे। कक्षा एक से पांच तक नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी और 10 अंकों की अतिरिक्त छूट मिलेगी। कक्षा छह से आठ तक पांच अंकों की अतिरिक्त छूट रहेगी, जबकि कक्षा नौ से 12 तक समान प्रश्न एवं मूल्यांकन व्यवस्था होगी। विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। प्रथम स्थान पाने वाले विद्यार्थी को 20 हजार रुपए, द्वितीय को 10 हजार और तृतीय को 5 हजार रुपए नकद दिए जाएंगे। चौथे से दसवें स्थान तक भी क्रमश नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। 11वें से 20वें स्थान तक रहने वाले विद्यार्थियों को मेडल और विशेष उपहार देकर सम्मानित किया जाएगा.

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *