नंदोत्सव में झूले लड्डू गोपाल, भजनों पर झूमे भक्त:कृष्ण जन्म की झांकियों ने बांधा समां, कन्हैया के जयकारों से गूंजा परिसर

नंदोत्सव में झूले लड्डू गोपाल, भजनों पर झूमे भक्त:कृष्ण जन्म की झांकियों ने बांधा समां, कन्हैया के जयकारों से गूंजा परिसर

फतेहाबाद रोड स्थित त्रिवेणी ग्रीन रविवार को नंदोत्सव की खुशियों से सराबोर रहा। श्री गिरिराज जी सेवा मंडल परिवार की ओर से आयोजित नंदोत्सव में लड्डू गोपाल को झूला झुलाकर जन्मोत्सव की खुशियां मनाई गईं। परिसर में “नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष गूंजते रहे। कृष्ण जन्म से जुड़ी झांकियों, माखन-मिश्री की प्रस्तुति और बरसाना से आई श्री शरण की मंडली के भजनों ने श्रद्धालुओं को भक्ति में झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ संरक्षक महंत कपिल नागर, संस्थापक नितेश अग्रवाल, मयंक अग्रवाल और अध्यक्ष अजय सिंघल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद लड्डू गोपाल को झूला झुलाकर नंदोत्सव की शुरुआत की गई। ठाकुरजी के झूले में विराजमान होते ही श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए और जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं। नंदोत्सव में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और जन्म से जुड़े प्रसंगों की झांकियां सजाई गईं। माखन-मिश्री की झांकी के साथ वासुदेव द्वारा नवजात कृष्ण को यमुना पार कर गोकुल पहुंचाने का प्रसंग भी प्रस्तुत किया गया। झांकियों ने श्रद्धालुओं को कृष्ण जन्म की कथा से जोड़े रखा। मोहन सैनी ने नंद बाबा और अंकित सैनी ने यशोदा मैया का स्वरूप धारण किया। दोनों ने ब्रजवासियों के बीच बधाइयां बांटीं और उपहार वितरित किए। इस दौरान परिसर में ब्रज संस्कृति की झलक देखने को मिली। बरसाना से आई श्री शरण की मंडली ने राधा-कृष्ण के भजनों और संकीर्तन की प्रस्तुति दी। भजनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे। संस्थापक नितेश अग्रवाल ने कहा कि नंदोत्सव प्रेम, भक्ति और ब्रज संस्कृति की परंपरा को आगे बढ़ाने का माध्यम है। आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और सनातन परंपराओं से जोड़ना भी है। कार्यक्रम में वीरेंद्र सिंघल, रविंदर गोयल, विशाल बंसल, विजय अग्रवाल, चंद्रमोहन बंसल, अंकुर अग्रवाल, पुनीत अग्रवाल, कुलभूषण गुप्ता, सतीश अग्रवाल, दिलीप बंसल, जितेंद्र शर्मा, सुमित सिंघल, लक्ष्मण सिंघल, मनोज गुप्ता, नरेंद्र गर्ग, नितिन अग्रवाल, मयंक जैन, गिरीश अग्रवाल, विकास वर्मा, अमित पाराशर, विकल गर्ग, विकास जैन, संजय जैन आदि मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *