लखीमपुर खीरी में तिकुनिया कांड के क्रॉस केस की सुनवाई अब अंतिम दौर में पहुंच गई है। जिला जज शिवकुमार सिंह की अदालत ने सोमवार को बचाव पक्ष को गवाह और साक्ष्य पेश करने के लिए एक और मौका दिया। बचाव पक्ष के स्थगन आवेदन को मंजूर करते हुए अदालत ने 7 सितंबर की तारीख तय की है। इस दिन चारों आरोपी अपनी ओर से गवाह और बचाव साक्ष्य पेश करेंगे। सोमवार को सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने गवाह और सबूत पेश करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा। इस पर अभियोजन पक्ष ने बताया कि उसकी ओर से साक्ष्य पहले ही पूरे किए जा चुके हैं। पिछली सुनवाई में अदालत ने चारों आरोपियों को अपनी सफाई में साक्ष्य और गवाह पेश करने के निर्देश दिए थे, लेकिन वे पिछली तारीख पर कोई गवाह पेश नहीं कर सके थे। अदालत ने समय देने का अनुरोध स्वीकार करते हुए 7 सितंबर की तारीख निर्धारित की है। बचाव साक्ष्य पूरे होने के बाद मामला बहस और निर्णय की दिशा में आगे बढ़ेगा।
2021 में हुई थी तिकुनिया हिंसा 3 अक्टूबर 2021 को तिकुनिया में हुई हिंसा में चार किसानों और एक पत्रकार समेत आठ लोगों की मौत हुई थी। किसानों और पत्रकार की मौत के मामले में अलग मुकदमा दर्ज हुआ था, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं और चालक की मौत के मामले में क्रॉस केस दर्ज किया गया था। मुख्य मामले में पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्र समेत 13 आरोपियों के खिलाफ सुनवाई चल रही है। चार आरोपियों के खिलाफ दर्ज है क्रॉस केस भाजपा कार्यकर्ताओं और चालक की मौत के मामले में सुमित जायसवाल की ओर से गुरविंदर सिंह, कमलजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह और विचित्र सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। यही मामला तिकुनिया कांड का क्रॉस केस है। इस मामले में अभियोजन पक्ष के साक्ष्य पहले ही पूरे हो चुके हैं। अब बचाव पक्ष को अपनी ओर से गवाह और सफाई के साक्ष्य पेश करने हैं। 7 सितंबर की सुनवाई के बाद मामले की न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

