मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को व्यापक जनभागीदारी के साथ जन अभियान बनाने के निर्देश दिए हैं। अभियान के तहत सेवा, जागरूकता, जनभागीदारी और विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। झज्जर जिले में भी अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। 14 मॉड्यूल के जरिए आमजन को जोड़ा जाएगा मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के उपायुक्तों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान की गतिविधियों का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए और इसमें आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। वीसी के बाद जिला अधिकारियों के साथ बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। बताया गया कि एक महीने तक चलने वाले अभियान में 14 अलग-अलग मॉड्यूल के माध्यम से सेवा, जागरूकता और जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियां आयोजित होंगी। आशीर्वाद का दीया’ से ‘सपनों का भारत’ तक होंगे कार्यक्रम झज्जर डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि अभियान के दौरान आशीर्वाद का दीया सपनों का भारत’ और विकसित भारत 2047 जैसी थीम पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। इसके साथ ही ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘जन एवं सेवा संकल्प यात्रा’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। इसके अलावा ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र’, राष्ट्रीय नवाचार चुनौती और जनसेवक महाकुंभ समेत कई कार्यक्रम अभियान का हिस्सा रहेंगे। इन गतिविधियों के जरिए समाज के विभिन्न वर्गों को रचनात्मक और सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। विद्यार्थी, महिलाएं और युवा भी होंगे अभियान का हिस्सा अभियान का उद्देश्य आमजन को सेवा गतिविधियों से जोड़ने के साथ सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। इसके लिए विद्यार्थियों, महिलाओं, युवाओं, स्वयं सहायता समूहों और आम नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी पर जोर दिया जाएगा। अधिकारियों को अभियान के दौरान होने वाली प्रत्येक गतिविधि का फोटो और वीडियो दस्तावेजीकरण करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि जिले में किए जा रहे सेवा कार्यों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जा सके। अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित कार्यक्रमों की समयबद्ध तैयारी पूरी करने और ज्यादा से ज्यादा लोगों को इनसे जोड़ने को कहा गया है।

