IPO Next Week: Rentomojo समेत 11 कंपनियों के आईपीओ अगले हफ्ते जुटाएंगे 7,055 करोड़ रुपये, जानिए प्राइस बैंड और अन्य डिटेल्स

IPO Next Week: Rentomojo समेत 11 कंपनियों के आईपीओ अगले हफ्ते जुटाएंगे 7,055 करोड़ रुपये, जानिए प्राइस बैंड और अन्य डिटेल्स

Upcoming IPO: अगर आप IPO में पैसा लगाने की तैयारी कर रहे हैं, तो अगले हफ्ते बाजार में काफी हलचल रहने वाली है। एक के बाद एक कई कंपनियां अपना IPO लेकर आ रही हैं। कुल 11 आईपीओ बाजार में दस्तक देने वाले हैं। इन आईपीओ के जरिए कंपनियां करीब 7,054 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में हैं। खास बात यह है कि 9 सितंबर को एक साथ 6 आईपीओ खुलेंगे। इसके अलावा 8 सितंबर को तीन आईपीओ खुलेंगे। वहीं, 7 सितंबर और 10 सितंबर को एक-एक आईपीओ ओपन होगा। हालांकि, अगले हफ्ते कुछ और कंपनियों के आईपीओ की घोषणा भी हो सकती है।

वहीं, शेयर बाजार में तीन कंपनियों की लिस्टिंग भी होगी। Purple Style Labs की लिस्टिंग 7 सितंबर को होगी, जबकि Rays of Belief और Deep Jewellers के शेयर 8 सितंबर से बाजार में ट्रेडिंग शुरू करेंगे। आइए जानते हैं कि अगले हफ्ते कौन-कौन से आईपीओ आ रहे हैं।

Pranav Constructions IPO

प्रणव कंस्ट्रक्शंस का IPO 7 सितंबर से 9 सितंबर तक खुला रहेगा। कंपनी ने शेयर का प्राइस बैंड 118 से 124 रुपये तय किया है। एक लॉट में 120 शेयर होंगे। इस इश्यू का कुल आकार 351.03 करोड़ रुपये का है। इसमें 315.60 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 35.43 करोड़ रुपये का OFS शामिल है। शेयरों का अलॉटमेंट 10 सितंबर को होने की उम्मीद है। कंपनी के शेयर 15 सितंबर को BSE और NSE पर लिस्ट हो सकते हैं।

Glass Wall Systems IPO

ग्लास वॉल सिस्टम्स का 427.89 करोड़ रुपये का आईपीओ 8 सितंबर को खुलेगा और 10 सितंबर को बंद होगा। आईपीओ में शेयर का प्राइस बैंड 172 से 182 रुपये रखा गया है। निवेशक कम से कम 82 शेयरों के लिए बोली लगा सकेंगे। इश्यू में 60 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 367.89 करोड़ रुपये का OFS शामिल है। अलॉटमेंट 11 सितंबर को हो सकता है, जबकि लिस्टिंग 16 सितंबर को प्रस्तावित है।

Prasol Chemicals IPO

यह कंपनी बाजार से 500 करोड़ रुपये जुटाने जा रही है। इसका आईपीओ 8 से 10 सितंबर तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुला रहेगा। कंपनी ने शेयर का प्राइस बैंड 643 से 676 रुपये तय किया है और लॉट साइज 22 शेयरों का है। आईपीओ में 80 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 420 करोड़ रुपये का OFS है। अलॉटमेंट 11 सितंबर को और शेयरों की लिस्टिंग 16 सितंबर को होने की उम्मीद है।

Kanohar Electricals IPO

यह आईपीओ अगले हफ्ते के बड़े इश्यू में शामिल है। कंपनी 1,055.74 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। आईपीओ 8 से 10 सितंबर तक खुला रहेगा। प्राइस बैंड 601 से 632 रुपये प्रति शेयर है और एक लॉट में 23 शेयर होंगे। इसमें 300 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 755.74 करोड़ रुपये का ओएफएस शामिल है। शेयरों का अलॉटमेंट 11 सितंबर को और लिस्टिंग 16 सितंबर को हो सकती है।

Karamtara Engineering IPO

यह 875 करोड़ रुपये का आईपीओ 9 सितंबर को खुलेगा और 11 सितंबर को बंद होगा। कंपनी ने शेयर का प्राइस बैंड 241 से 254 रुपये रखा है। लॉट साइज 59 शेयरों का है। इश्यू में 675 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और प्रमोटर्स की ओर से 200 करोड़ रुपये का OFS शामिल है। अलॉटमेंट 15 सितंबर को होने की उम्मीद है, जबकि शेयर 17 सितंबर को लिस्ट हो सकते हैं।

LCC Projects IPO

एलसीसी प्रोजेक्ट्स का 427.14 करोड़ रुपये का आईपीओ भी 9 सितंबर को खुलेगा। निवेशक इसमें 11 सितंबर तक बोली लगा सकेंगे। शेयर का प्राइस बैंड 139 से 146 रुपये है और लॉट साइज 102 शेयरों का रखा गया है। कंपनी 258 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 169.14 करोड़ रुपये का OFS लेकर आ रही है। अलॉटमेंट 15 सितंबर को और लिस्टिंग 17 सितंबर को होने की संभावना है।

Steamhouse India IPO

स्टीमहाउस इंडिया का IPO 9 सितंबर को खुलेगा और 11 सितंबर तक चलेगा। कंपनी इस इश्यू के जरिए 414 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इसमें 353 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 61 करोड़ रुपये का OFS शामिल है। कंपनी ने अभी शेयर का प्राइस बैंड और लॉट साइज जारी नहीं किया है। अलॉटमेंट 15 सितंबर को होने की उम्मीद है और शेयर 17 सितंबर को लिस्ट हो सकते हैं।

Manipal Payment and Identity Solutions IPO

मणिपाल पेमेंट एंड आइडेंटिटी सोल्यूशंस का 805 करोड़ रुपये का आईपीओ भी 9 सितंबर को खुलेगा। निवेशक 11 सितंबर तक इसमें पैसा लगा सकेंगे। कंपनी ने शेयर का प्राइस बैंड 322 से 339 रुपये तय किया है। एक लॉट में 44 शेयर होंगे। अलॉटमेंट 15 सितंबर और लिस्टिंग 17 सितंबर को हो सकती है।

Arcil IPO

एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी (इंडिया), जिसे Arcil के नाम से भी जाना जाता है, 732.97 करोड़ रुपये का IPO लेकर आ रही है। इसका आईपीओ 9 से 11 सितंबर तक खुलेगा। शेयर का प्राइस बैंड 132 से 139 रुपये है और लॉट साइज 107 शेयरों का है। यह सिर्फ ऑफर फॉर सेल आईपीओ है। यानी कंपनी को नए शेयर जारी करके पैसा नहीं मिलेगा। करीब 5.27 करोड़ पुराने शेयरों की बिक्री की जाएगी। अलॉटमेंट 15 सितंबर और लिस्टिंग 17 सितंबर को हो सकती है।

Rentomojo IPO

यह आईपीओ अगले हफ्ते का सबसे बड़ा इश्यू है। कंपनी करीब 1,255.57 करोड़ रुपये जुटाने जा रही है। आईपीओ 9 से 11 सितंबर तक खुला रहेगा। शेयर का प्राइस बैंड 384 से 404 रुपये है और लॉट साइज 37 शेयरों का है। इश्यू में 150 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और करीब 1,105.57 करोड़ रुपये का OFS शामिल है। अलॉटमेंट 15 सितंबर को होने की उम्मीद है, जबकि शेयर 17 सितंबर को लिस्ट हो सकते हैं।

Veegaland Developers IPO

यह आईपीओ 10 सितंबर से 15 सितंबर तक खुला रहेगा। कंपनी इस इश्यू से 210 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। शेयर का प्राइस बैंड 130 से 140 रुपये तय किया गया है। एक लॉट में 107 शेयर होंगे। इस आईपीओ में शेयरों का अलॉटमेंट 16 सितंबर को और शेयरों की लिस्टिंग 18 सितंबर को होने की उम्मीद है।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *