हनुमानगढ़ टाउन के वार्ड नंबर 44 में शनिवार को स्थानीय नागरिकों ने शराब ठेके की ब्रांच पर ताला लगा दिया। यह ब्रांच नगर परिषद कार्यालय के पास आटे की चक्की से सटी हुई है। वार्डवासियों ने इसे स्थायी रूप से बंद करने की मांग की। नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन अमर सिंह राठौड़ ने आरोप लगाया कि यह शराब ब्रांच रिहायशी इलाके में 24 घंटे चल रही थी। दुकान के बाहर दिन-रात शराबी और असामाजिक तत्व जमा रहते थे। इससे इलाके का माहौल खराब हो रहा था। महिलाओं, युवतियों और स्कूल जाने वाले बच्चों को इस रास्ते से गुजरने में दिक्कत होती थी। नागरिकों का कहना है कि उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों ने बताया कि शराब ब्रांच बंद करवाने के लिए पहले भी कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई थी। विरोध-प्रदर्शन भी हुए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। शिकायतों के बावजूद समस्या का हल नहीं निकला। समस्या का समाधान नहीं होने पर लोगों को खुद आगे आकर दुकान पर ताला लगाना पड़ा। वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर शराब ब्रांच को दोबारा खोलने की कोशिश की गई, तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने और इस ब्रांच को स्थायी रूप से बंद करने की मांग की है। इस दौरान मानवेंद्र सिंह राठौड़, नाथू सिंह, मोहन सिंधी, बूटा सिंह, जगदीप राठौड़, राजेश शर्मा, काली बजाज, अनमोल सिंह समेत कई अन्य वार्डवासी मौजूद थे।

