नीमच सिटी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 11 किलो 700 ग्राम अवैध अफीम जब्त की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस अफीम की कीमत करीब 58 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देश पर, एएसपी हेमलता अग्रवाल और एसडीओपी किरण चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजय सागरिया की टीम इलाके में गश्त कर रही थी। शनिवार को दरक वेयरहाउस के सामने, यूनिक वेल्डिंग वर्क्स की बंद पड़ी गुमटी के पास एक महिला संदिग्ध दिखी। तलाशी लेने पर उसके पास से अफीम बरामद हुई। पकड़ी गई महिला की पहचान बोरखेड़ी पानडी निवासी 40 वर्षीय ममता उर्फ बंटी (पति मुकेश नायक) के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर ही अफीम जब्त कर महिला को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत गिरफ्तार कर लिया। शांतिलाल का नाम आया सामने पूछताछ में महिला आरोपी ने बताया कि उसे यह अफीम रावण रूंडी (नीमच सिटी) निवासी शांतिलाल पिता नारूलाल मीणा ने दी थी। पुलिस ने जल्दी कार्रवाई करते हुए शांतिलाल मीणा को धारा 8/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत सह-आरोपी बनाया है। शांतिलाल मीणा अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है, जिसकी लगातार तलाश की जा रही है।

