छतरपुर में बारिश के बीच मकान और दीवार गिरने से दो लोगों की मौत, 3 बच्चे घायल

छतरपुर में बारिश के बीच मकान और दीवार गिरने से दो लोगों की मौत, 3 बच्चे घायल

Wall Collapse: मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच जिले में दो स्थानों पर मकान व दीवार गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। दोनों घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई जबकि 3 बच्चे घायल हुए हैं। घायल बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों ही घटनाओं के बाद गांवों में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

खेत जा रहे बुजुर्ग पर गिरी दीवार

छतरपुर जिले के गढ़ी मलहरा थाना क्षेत्र के सिंदूरकी गांव में जर्जर मकान की अचानक दीवार गिरने से 70 वर्षीय लक्ष्मी प्रसाद राजपूत की दबने से मौत हो गई, जबकि एक नाबालिग बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। दो अन्य बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार बुजुर्ग लक्ष्मी प्रसाद खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पुराने मकान की दीवार भरभराकर गिर गई और बुजुर्ग समेत तीन बच्चे मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया और सभी को बाहर निकाला। लक्ष्मी प्रसाद की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर घायल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना पर गढ़ी मलहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

House Collapse
बारिश के कारण गिरा कच्चा मकान, बुजुर्ग महिला की मौत (Source-Patrika)

कच्चा मकान गिरने से वृद्धा की मौत

वहीं छतरपुर के ही बिजावर थाना क्षेत्र के धरमपुरा पहलेपुरा गांव में कच्चा मकान गिरने से 90 वर्षीय कालिया बाई बिन्दुआ की जान चली गई। हादसा उस समय हुआ, जब कालिया बाई घर में सो रही थीं। मकान अचानक ढह गया और वह मलबे में दब गईं। बताया गया है कि क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण कच्चे मकानों के कमजोर होने की स्थिति बनी हुई थी। इसी दौरान यह मकान अचानक ढह गया। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

4 सितंबर 2026 तक छतरपुर जिले के विभिन्न केंद्रों में हुई बारिश का ब्योरा

  • छतरपुर: 661.6 मिमी / 26.0 इंच (गत वर्ष: 1493.8 मिमी / 58.8 इंच)
  • लवकुशनगर: 1007.0 मिमी / 39.6 इंच (गत वर्ष: 872.2 मिमी / 34.3 इंच)
  • बिजावर: 725.8 मिमी / 28.6 इंच (गत वर्ष: 1404.2 मिमी / 55.3 इंच)
  • नौगांव: 893.8 मिमी / 35.2 इंच (गत वर्ष: 1411.2 मिमी / 55.6 इंच)
  • राजनगर: 835.6 मिमी / 32.9 इंच (गत वर्ष: 1101.6 मिमी / 43.4 इंच)
  • गौरिहार: 1102.6 मिमी / 43.4 इंच (गत वर्ष: 1138.2 मिमी / 44.8 इंच)
  • बड़ामलहरा: 1066.0 मिमी / 42.0 इंच (गत वर्ष: 1434.8 मिमी / 56.5 इंच)
  • बक्सवाहा: 737.0 मिमी / 29.0 इंच (गत वर्ष: 866.1 मिमी / 34.1 इंच)

जिले की औसत वर्षा: 878.7 मिमी / 34.6 इंच (गत वर्ष: 1215.3 मिमी / 47.8 इंच)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *