लखनऊ के अमीनाबाद रोड स्थित न्यू गणेशगंज में मित्तल परिवार की ओर से छह दिवसीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। 4 से 9 सितंबर तक यहां डिजिटल मूविंग झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। शाम होते ही झांकी स्थल रोशनी और भक्ति के रंग में नजर आता है। जन्माष्टमी के पहले दिन डिजिटल झांकी में श्रीकृष्ण का गोकुल भ्रमण प्रसंग दिखाया गया। इसमें बाल कृष्ण अपने सखाओं के साथ गोकुल की गलियों में घूमते नजर आए। गोकुल में मेला सजा था, जहां रोजमर्रा के सामान की दुकानें, खेल-तमाशे और बड़े-बड़े झूले लगाए गए थे। गोकुल भ्रमण का आनंद लिया कृष्ण ने बाल सखाओं के साथ मेले में खरीदारी की। उन्होंने तरह-तरह की मिठाइयां खाईं, झूले झूले और खेल-तमाशे देखकर गोकुल भ्रमण का आनंद लिया। स्वचालित मूर्तियों के साथ लाइट एंड साउंड इफेक्ट ने पूरे प्रसंग को खास बना दिया। इसके अलावा सावन में झूला झूलते राधा-कृष्ण, बाबा अमरनाथ के दर्शन और भक्त हनुमान के हृदय में राम-सीता के दर्शन की स्वचालित झांकी भी लोगों को आकर्षित कर रही है। भालू-बंदर नचाते मदारी, सांप का खेल और राम नाम जपते तुलसीदास की झांकियां भी खास रहीं। शनिवार को माखन चोरी का दृश्य दिखाया जाएगा माखन चोरी करने पर कन्हैया को छड़ी लेकर दौड़ाती यशोदा माता की चलती झांकी बच्चों को खूब पसंद आ रही है। वहीं 20 फीट ऊंचे शिवलिंग से गंगा प्रकट होते हुए का सेल्फी कॉर्नर भी बनाया गया है। झांकी स्थल को फूल-पत्तियों, कोलकाता की एलईडी लाइट पैनल, झूमर और रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया है। विशाल तोरण द्वारों पर भगवान कृष्ण के अलग-अलग रूपों को उकेरा गया है। सजावट का काम चौक के अग्रवाल इलेक्ट्रिकल के अंकुल ने किया है। झांकी संयोजक अनुपम मित्तल ने बताया कि 5 सितंबर शनिवार को माखन चोरी लीला का दृश्य दिखाया जाएगा। श्रद्धालु प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 12 बजे तक डिजिटल मूविंग झांकियों को देख सकेंगे।

