मौसम विभाग ने ग्वालियर जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए 5 सितंबर को नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के छात्रों के लिए छुट्टी घोषित की गई है। प्रशासन ने यह फैसला छात्रों की सुरक्षा के लिए लिया है। इस आदेश के बाद जिले के सभी स्कूलों में 5 सितंबर को नर्सरी से 8वीं तक की पढ़ाई नहीं होगी।
कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने यह आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक, ग्वालियर जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों, साथ ही सीबीएसई, आईसीएसई, माध्यमिक शिक्षा मंडल और अन्य सभी बोर्ड से जुड़े स्कूलों पर यह लागू होगा। इन स्कूलों में नर्सरी से लेकर कक्षा 8वीं तक के छात्रों की 5 सितंबर को छुट्टी रहेगी।
प्रशासन ने बारिश के दौरान बच्चों को स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानी और जलभराव को देखते हुए यह कदम उठाया है। जिले में लगातार बारिश होने पर निचले इलाकों में पानी भर जाता है और आवागमन पर असर पड़ने की आशंका रहती है। ऐसे में छोटे बच्चों की सुरक्षा को सबसे ऊपर रखते हुए स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।
हालांकि, आदेश में यह भी साफ किया गया है कि छुट्टी सिर्फ छात्रों के लिए रहेगी। स्कूलों में शिक्षक और बाकी स्टाफ तय समय पर मौजूद रहेंगे और अपने सरकारी व विभागीय काम करेंगे।
इसके अलावा, अगर किसी स्कूल में पहले से कोई खास गतिविधि या परीक्षा तय है, तो वह पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगी। प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधन को आदेश का पालन करने के निर्देश दिए हैं।

