मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र स्थित चंदन नगर गांव के पास इलेक्ट्रॉनिक सामान के एक गोदाम में आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। आग की भयावहता को देखते हुए मौके पर दस से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाया गया। फ़िलहाल दमकल कर्मी आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। थाना हाई वे क्षेत्र में चंदन नगर गांव के पास स्थित गौर केंद्र औद्योगिक क्षेत्र में एक इलेक्ट्रॉनिक कंपनी का गोदाम है। यहां नए उपकरण के अलावा पुराना स्क्रैप भी एकत्रित किया जाता है। शुक्रवार की शाम को यहां अचानक आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में बड़ा रूप ले लिया। आग की लपटें आधा किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मी कर रहे आग पर काबू पाने का प्रयास मौके पर पहुंची दमकल टीम ने जब आग की भयावहता को देखा तो उन्होंने फायर ब्रिगेड की और गाड़ियों को बुलाया। जिसके बाद दस से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। आसपास आबादी क्षेत्र होने के कारण दमकल की टीम आग को गोदाम से बाहर फैलने से रोकने का प्रयास कर रही है। खबर अपडेट हो रही है

